बाढ़ और बारिश से अब तक 143 की मौत; 1.2 करोड़ लोग प्रभावित

By: Dilip Kumar
7/20/2019 8:25:43 PM
नई दिल्ली

बिहार, केरल और असम में भारी बारिश और बाढ़ के चलते स्थिति भयावह बनी हुई है। बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 143 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ से असम और बिहार में करीब 1.2 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। अकेले बिहार में 66 लाख से अधिक आबादी प्रभावित है। यहां एनडीआरएफ की 19 टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार में 14 लोगों की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 92 पहुंच गई। इस बीच, सरकार ने बाढ़ पीड़ितों को सहायता राशि भेजने का काम शुरू कर दिया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के 12 जिलों में बाढ़ का असर है। करीब 1000 ग्रामीण सड़कें और 15 पुल बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

इस बीच, बिहार जल संसाधन विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि नदियों के जलस्तर में कमी आई है, लेकिन अभी भी बागमती, बूढ़ी गंडक, कमला बलान, अधवारा और महानंदा नदी कई स्थानों पर खतरों के निशान के ऊपर बह रही हैं। असम में बाढ़ से मरनेवालों की संख्या 48 हो गई है। यहां 3700 से ज्यादा गांव बाढ़ से डूब गए हैं। राज्य में करीब 48 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। भारतीय सेना राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत कार्यों में जुटी हुई। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 11 लोगों की मौत हो गई है।

केरल में भारी बारिश के बाद तीन मरे

केरल में भारी बारिश और बाढ़ में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लापता हैं। राज्य के चार बांधों के दरवाजे खोल दिए गए हैं। राज्य में पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कन्नूर, पथनमथिट्टा और कोल्लम जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है। भारी बारिश को देखते हुए पांच जिलों ईडुक्की, मलाप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कोट्टायम जिले में अगले तीन दिनों तक सभी प्रकार के खनन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 


comments