जम्मू से हटाई गई धारा 144, खुलेंगे स्कूल; कश्मीर में नियंत्रण में स्थिति

By: Dilip Kumar
8/10/2019 1:46:57 AM
नई दिल्ली

जम्मू कश्मीर को विशेषाधिकार देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म करने और इसे दो हिस्से में विभाजित कर केन्द्र शासित प्रदेश बनाने के सरकार के फैसले के बाद घाटी में अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। शुक्रवार को घाटी के स्थानीय मस्जिदों में जुम्मे की नमाज के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई। हालांकि, श्रीनगर के ऐतिहासिक जामा मस्जिद में लोगों को इकट्ठा नहीं होने दिया। इस बीच स्थिति सामान्य होते देख जम्मू से शुक्रवार की शाम को धारा 144 हटा दी गई।

जम्मू जिले के डिप्टी मजिस्ट्रेट सुषमा चौहान ने कहा- धारा 144 (चार से अधिक लोगों के एक साथ आने पर रोक) के आदेश को जम्मू म्यूनिसिपल से वापस लिया गया है। सभी स्कूल-कॉलेजों को कल (शनिवार) से खोलने का आदेश दिया गया है उधर, कश्मीर घाटी में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। सीआरपीएएफ के डीजी राजीव राय भटनागर ने श्रीनगर में सीआरपीएफ की तैनाती को लेकर स्थिति की समीक्षा की। जम्मू कश्मीर के एडिशन डीजी, लॉ एंड ऑर्डर मुनीर खान ने कठुआ में कहा- जम्मू में स्थिति सामान्य है। जबकि, कश्मीर में स्थिति नियंत्रण में है। कानून व्यवस्था बहाल रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

कई दिनों तक अपने घर तक सीमित रहने के बाद कश्मीर के लोगों ने शुक्रवार को अपनी नजदीकी मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की। अधिकारियों ने कहा कि नमाज के लिये प्रतिबंधों में ढील दी गई थी। अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के सोपोर में पथराव की मामूली घटना को छोड़कर घाटी में शांति रही। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटे जाने के मद्देनजर घाटी में सुरक्षा के भारी इंतजाम किये गए थे। लोगों को शुक्रवार को करीबी मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिये घरों से निकलने की इजाजत थी।

अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर शहर और दक्षिण कश्मीर में अब तक किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिलने को देखते हुए अभी कश्मीर में स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा, हालांकि सभी इलाकों से खबरें आनी अभी बाकी हैं। उन्होंने कहा कि यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर उत्तरी कश्मीर के सोपोर में पथराव की मामूली घटना की खबर है। यहां पर स्थिति पर तत्काल नियंत्रण पा लिया गया और भीड़ को खदेड़ दिया गया। कश्मीर में लोगों को स्थानीय मस्जिदों में नमाज अदा करने की इजाजत के मद्देनजर प्रतिबंधों में ढील दी गई थी। लोगों द्वारा संभावित प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर समूची घाटी में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।


comments