झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार का इस्तीफा

By: Dilip Kumar
8/10/2019 1:57:32 AM
नई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म करने के मुद्दे कांग्रेस के अंदर मतभेदों पर विचार करने के लिए बुलाई गई सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसदों की बैठक से झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डॉ अजय कुमार ने अपने तीन पेज का इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह को भेज दिया है। डॉ अजय कुमार ने अनुच्छेद 370 पर बुलाई गई बैठक में भी हिस्सा नहीं लिया।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजे अपने त्यागपत्र में डॉ अजय कुमार ने कहा है कि उन्होंने प्रदेश में पार्टी को अपने पैरों पर खड़ा करने की पूरी कोशिश की। पर उनके सभी प्रयास चंद लोगों के निहित स्वार्थो के कारण अवरुद्ध होते रहे। अपने इस्तीफे में अजय कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर किए गए अपने कार्यो का भी विस्तार से जिक्र किया है।

ड़ॉ अजय कुमार ने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में 2014 के मुकाबले पार्टी को वोट प्रतिशत में 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके बावजूद उनके काम में लगातार बाधाएं डाली गई। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार या किसी अन्य प्रकार का समझौता किए बिना वह अपना काम करने में असमर्थ है। इसलिए, उनके पत्र को ही त्यागपत्र मानते हुए स्वीकार किया जाए। यह पत्र उन्होंने राहुल गांधी के साथ सोनिया गांधी, एके एंटनी और आरपीएन सिंह को भी भेजा है। हालांकि, पत्र के बाद उनकी आरपीएन सिंह से कोई बात नहीं हुई है।

दरअसल, लोकसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस में घमासान तेज हो गया था। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय समर्थकों में बंट गई थी। स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पहले दोनों नेताओं के समर्थकों में हाथापाई तक की नौबत पहुंच गई। अंदरुनी लड़ाई पर काबू पाने के लिए पार्टी ने सभी नेताओं को दिल्ली तलब कर मामले को सुलझाने की कोशिश की। पर सभी प्रयास विफल रहे।

डॉ अजय कुमार को पार्टी ने नवंबर 2017 को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। आईपीएस अफसर के पद से राजनीति में आए अजय कुमार 15वीं लोकसभा में जमशैदपुर से सांसद रहे हैं। यह पहला मौका नहीं है कि जब कांग्रेस ने किसी अफसर को प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया हो। इससे पहले सुखदेव भगत ने भी वरिष्ठ अधिकारी से त्यागपत्र देकर सियासत में कदम रखा था। पार्टी ने उन्हें भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी।


comments