बिहार के मुजफ्फरपुर में नहर का बांध टूटा, सैकड़ों घरों में घुसा पानी

By: Dilip Kumar
8/18/2019 2:07:28 PM
नई दिल्ली

रविवार की सुबह अचानक बिहार के मुजफ्फरपुर के मोतीपुर प्रखंड में तिरहुत नहर का बांध टूट गया। इससे प्रखंड के सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। घरों व गांवों में अचानक पानी घुसने से लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। लोग जान व सामान बचाने के लिए ऊंचे जगहों पर चले गए।

 जानकारी के अनुसार मोतीपुर प्रखंड के बरुराज पूर्वी पंचायत का मामला है। बताया जाता है कि धुमनगर गांव में रविवार की सुबह अचानक तिरहुत नहर का बांध टूट गया। इस अनहोनी को देख लोग दहशत में आ गए। बांध टूटने की वजह से सैकड़ों घरों में अचानक पानी घुस गया। हालांकि बांध टूटने के कारण के बारे में कोई कुछ भी नहीं बता रहा है। वहीं लोगों का कहना है कि बांध टूटने की घटना होने के बाद भी अब तक कोई अफसर जानकारी लेने नहीं पहुंचा है।

गांव के लोगों का कहना है कि बांध टूटने की घटना सुबह तीन बजे हुई है। उस समय लोग सोए हुए ही थे। अचानक घरों में पानी घुसने से लाेग अकबका गए। किसी अनहोनी की आशंका से सहम गए। जब तक कुछ समझ पाते, घर के कई जरूरी सामान पानी में डूब गए। वहीं अधिकारियों के अब तक नहीं आने से लोगों में गुस्‍सा है।


comments