कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान

By: Dilip Kumar
9/3/2019 3:21:15 PM
नई दिल्ली

भारत ने वेस्टइंडीज को दो टेस्ट की सीरीज में 2-0 से हरा दिया। बतौर कप्तान विराट कोहली की यह 28वीं जीत है। वे भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान बन गए। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम 27 टेस्ट जीती थी। इस मामले में सौरव गांगुली तीसरे स्थान पर हैं। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया को 21 जीत मिली थी।

कोहली ने धोनी को सिर्फ 48 टेस्ट में ही पीछे छोड़ दिया। इस दौरान उन्होंने 28 टेस्ट जीतने के साथ 10 मैच ड्रॉ भी कराए। 10 टेस्ट में टीम को हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, धोनी के नेतृत्व में भारत ने 60 टेस्ट खेले थे। इस दौरान 18 टेस्ट में हार मिली थी और 15 ड्रॉ हुए थे। विदेशी जमीन पर भी जीत के मामले में भी कोहली भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में टीम विदेश में अब तक 13 टेस्ट जीत चुकी है। गांगुली का रिकॉर्ड विदेश में 11 जीत का था। इस मामले में भी धोनी उनसे पीछे हैं। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया विदेश में सिर्फ 5 टेस्ट जीती थी।

धोनी ने 2014 ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टेस्ट से कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद कोहली को नेतृत्व सौंपा गया था। उनकी कप्तानी में भारत ने अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों को हराया। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका में 1-2 और इंग्लैंड में 1-4 से सीरीज में हार मिली थी। पिछले साल भारत ने ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से टेस्ट सीरीज अपने नाम की थी। दोनों देशों के बीच 71 साल के टेस्ट इतिहास में भारत की ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर पहली सीरीज जीत थी।


comments