दुनिया के रहने लायक शहरों में दिल्ली 118वें और मुंबई 119वें नंबर पर

By: Dilip Kumar
9/4/2019 7:05:06 PM
नई दिल्ली

दुनिया के रहने लायक शहरों में मुंबई और दिल्ली के हाल और बुरे हो गए हैं। इकॉनोमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट (ईआईयू) के ग्लोबल लिवेबिलिटी इंडेक्स में इस साल दिल्ली छह अंक फिसलकर 118वें नंबर पर और मुंबई दो अंकों की गिरावट के साथ 119वें नंबर पर पहुंच गया है। दिल्ली में एक साल में अपराध और वायु प्रदूषण बढ़ा है। इसकी रैंक में गिरावट की यही वजह है।

140 देशों की इस सूची में ऑस्ट्रिया का वियना पहले नंबर पर है। टॉप 10 में ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के 3-3 शहर हैं। ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न दूसरे, सिडनी तीसरे और एडिलेड दसवें नंबर है। कनाडा का कैलगरी, वैंकूवर और टोरंटो पांचवें, छठवें और सातवें नंबर पर हैं। सबसे बदतर हालात वाले निचले दस शहरों में पाकिस्तान का कराची भी शामिल है।

5 क्षेत्रों में अध्ययन के बाद सूची बनी

ईआईयू ने पांच क्षेत्रों स्थायित्व, संस्कृति और पर्यावरण, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाएं और शिक्षा में अध्ययन के बाद यह सूची तैयार की। दिल्ली को वायु प्रदर्शन और बढ़ते अपराधों के कारण सबसे कम अंक मिले, जबकि मुंबई को संस्कृति और पर्यावरण के क्षेत्र में कमजोर आंका गया। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ एशियाई शहरों में पिछले साल के मुकाबले काफी बदलाव देखा गया है। श्रीलंका में इसी साल अप्रैल में हुए ईस्टर बम धमाकों के कारण कोलंबो भी सूची में फिसल गया है। सूची के आखिरी दस शहरों में बांग्लादेश की राजधानी ढाका सबसे नीचे से तीसरे स्थान 138वें और पाकिस्तान का कराची 136वें नंबर पर है।


comments