'भारत में महिलाएं असुरक्षित, इसे छिपाने में नहीं है देशभक्ति'

By: Dilip Kumar
9/8/2019 7:27:36 PM
नई दिल्ली

बेबाक राय रखने वाली अभिनेत्री ऋचा चड्ढा जल्द ही 'सेक्शन 375' फिल्म में नजर आएंगी। फिल्म में ऋचा ने दुष्कर्म पीड़िता की वकील का किरदार निभाया है। इस फिल्म के रिलीज होने से पहले ऋचा ने भारत में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ऐसा बयान दे दिया जो सुर्खियों में बना हुआ है। ऋचा का कहना है कि भारत में महिलाएं असुरक्षित हैं।  ऋचा ने इंटरव्यू के दौरान कहा- 'यह छिपाने में कोई देशभक्त नहीं है कि भारत में महिलाएं असुरक्षित हैं। महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले में भारत बहुत आगे है। यहां तक कि गर्भ में भी। कन्या भ्रूण हत्या, दहेज के मामले और एसिड अटैक के भी मामले भी हैं।'

ऋचा चड्ढा ने आगे कहा- 'यह सभी महिलाओं के खिलाफ हिंसक अपराध हैं। क्या इस आधार पर आप इसे सुरक्षित स्थान कह सकते हैं? जो लोग भारत को महिलाओं के लिए बेहद सुरक्षित बता रहे हैं, वह पुरुष हैं। कानून को लागू करने और महिलाओं को पुलिस में शिकायत करने के लिए प्रेरित करने से यौन उत्पीड़न और हिंसा से जुड़े मामलों को कम करने में मदद मिलेगी।' अभिनेत्री के मुताबिक- 'सरकार और समाज दोनों स्तर पर सुधार की आवश्यकता है। यौन उत्पीड़न के मामलों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। कानून मजबूत है लेकिन उसे लागू करना एक अलग बहस का मुद्दा है।'

ऋचा चड्ढा की फिल्म 'सेक्शन 375' 13 सितंबर को रिलीज हो रही है। भारतीय दंड संहिता की धारा 375 पर बनी इस फिल्म में ऋचा चड्ढा और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा राहुल भट्ट और मीरा चोपड़ा भी हैं। इस फिल्म का निर्देशन अजय बहल ने किया है। जबकि भूषण कुमार, किशन कुमार, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने इसे प्रोड्यूस किया है।


comments