सोने के भाव में भारी गिरावट की संभावना

By: Dilip Kumar
9/11/2019 6:05:15 PM
नई दिल्ली

सोने की कीमतों में गिरावट का रुख आगे भी बना रह सकता है। केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, आने वाले दिनों में पितृ पक्ष की वजह से खरीद कम रहेगी। इस महीने के आखिर तक सोने के भाव 1,000 रुपए से 1,500 रुपए प्रति 10 ग्राम तक नीचे आ सकते हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का रेट फिलहाल 38,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4 सितंबर को 6 साल के उच्च स्तर 1,557 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा, लेकिन अब उससे करीब 60 डॉलर नीचे आ चुका है। केडिया के मुताबिक, पितृ पक्ष के दौरान घरेलू बाजार में भी मांग कम रहेगी इसलिए कीमतें घट सकती हैं। पितृ पक्ष 13 सितंबर से 28 सितंबर तक रहेगा। हालांकि, त्योहारी और शादियों के सीजन में सोने के रेट में न सिर्फ रिकवरी होगी, बल्कि भाव नए स्तर पर भी पहुंच सकते हैं।

कमोडिटी के टेक्निकल एनालिस्ट राजीव कपूर के मुताबिक, सोना 38,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब है। अंतरराष्ट्रीय वजहों से गिरावट आती है तो भाव 37,400 तक गिर सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में रेट 1,480 डॉलर प्रति औंस के नीचे आता है तो घरेलू बाजार में भाव 35,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक गिर सकता है। लेकिन, इसके आसार काफी कम हैं।

अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड वॉर और दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट की वजह से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजारों में सोने का भाव पिछले दिनों रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। क्योंकि, सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर लोगों ने सोने में खरीद बढ़ा दी थी। लेकिन, भाव ऊपरी स्तरों पर नहीं टिक पाए।


comments