भाजपा ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, फडणवीस नागपुर साउथ वेस्ट से लड़ेंगे

By: Dilip Kumar
10/1/2019 2:43:10 PM
नई दिल्ली

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के लिए मंगलवार को भाजपा ने 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर ही है। सीएम देवेंद्र फडणवीस नागपुर साउथ वेस्ट, महाराष्ट्र भाजपा चीफ चंद्रकांत पाटिल कोथरुड व पंकजा मुंडे पर्ली से चुनाव लड़ेंगी। भाजपा शिवसेना और कुछ छोटे दलों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। पार्टी के महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल कोथरुड़ से चुनाव लड़ेंगे।

अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी ने अपने 12 विधायकों को टिकट नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव शिवसेना और कुछ छोटे दलों के साथ गठबंधन में लड़ेगी। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को चुनाव होंगे और नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
भाजपा व शिवसेना के बीच काफी दिनों से चली आ रही कशमकश के बाद 288 सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया गया।

सोमवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि चार अक्टूबर है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के अनुसार भाजपा और शिवसेना ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे एक संयुक्त बयान के जरिए सीटों के बंटवारे संबंधी समझौते की घोषणा करेंगे।

कांग्रेस ने जारी की 51 उम्मीदवारों की सूची

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। शिवसेना ने भी भाजपा से गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही अपने कई उम्मीदवारों को पर्चा भरने के लिए जरूरी एबी फॉर्म बांट दिए। कांग्रेस-राकांपा पहले ही 124-124 सीटों पर लडऩे की घोषणा कर चुके हैं। राकांपा भी अपने उम्मीदवारों का ऐलान तीन दिन पहले ही कर चुकी है। अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची के 51 उम्मीदवारों में अधिसंख्य वर्तमान विधायकों के अलावा अपेक्षाकृत मजबूत माने जा रहे उम्मीदवारों को स्थान दिया गया है।


comments