नाराज हुए संजय निरुपम, कहा- ऐसा लगता है अब पार्टी को मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं

By: Dilip Kumar
10/3/2019 8:42:48 PM
नई दिल्ली

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी के अंदर कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने गुरुवार को ट्विटर के जरिए पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय टिकट वितरण को लेकर पार्टी आलाकमान से नाराज हैं। उन्होंने दो ट्वीट करके कहा कि शायद पार्टी को अब उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं रह गई है।

संजय निरुपम ने ट्वीट में यह लिखा-

'ऐसा लगता है कि पार्टी को अब मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं है। मुंबई में मैंने विधानसभा चुनाव के लिए सिर्फ एक नाम की सिफारिश की थी। पता चला है कि उसे भी खारिज कर दिया गया। मैंने नेतृत्व को पहले ही बताया था कि ऐसी स्थिति में मैं चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लूंगा। यह मेरा आखिरी फैसला है।' अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'मुझे उम्मीद है कि पार्टी को गुड बाय कहने का वक्त नहीं आएगा। लेकिन, लीडरशिप जिस तरह से मेरे साथ बर्ताव कर रही है, उससे लगता है कि अब वह दिन दूर नहीं है।'

मुंबई कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी

पिछले कुछ दिनों के दौरान मुंबई कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है। इनमें एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर और कृपाशंकर सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। संजय निरुपम की छवि उत्तर भारतीय नेता की है। बिहार से ताल्लुक रखने वाले संजय निरूपम ने राजनीति की शुरुआत शिवसेना से की थी। उन्होंने पार्टी के मुखपत्र सामना में भी काम किया। वे दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। निरूपम एक बार शिवसेना से और एक बार कांग्रेस से उच्च सदन में पहुंचे थे।


comments