ठाकरे फैमिली का चुनावी डेब्यू, आदित्य ने किया वर्ली से नामांकन दाखिल

By: Dilip Kumar
10/3/2019 8:54:11 PM
नई दिल्ली

शिवसेना के 52 साल के इतिहास में गुरुवार का दिन खास रहा। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ने मुंबई की वर्ली सीट से नामांकन दाखिल किया। आदित्य चुनाव लड़ने वाले ठाकरे परिवार के पहले सदस्य बन गए हैं। नामांकन से पहले आदित्य ने मातोश्री (ठाकरे परिवार का आवास) से नामांकन स्थल तक रोड शो किया। उन्होंने गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन करके आशीर्वाद भी लिया। आदित्य ने कहा, ‘‘जनता का प्यार देखर बेहद खुशी हो रही है। जनता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जनता जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे।’’

आदित्य 2009 से पार्टी में सक्रिय

आदित्य वर्ली से टिकट घोषित होने से पहले जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले थे। उद्धव के एक करीबी हर्षल प्रधान ने बताया कि 2009 में राजनीति में उतरने के बाद से आदित्य संगठन में सक्रिय हैं। वे खुद पर्दे के पीछे रह कर नए युवा नेताओं का एक कैडर बना रहे हैं।

शिवसेना के लिए सेफ सीट है वर्ली

आदित्य के लिए वर्ली सीट महफूज मानी जा रही है। राकांपा नेता सचिन अहीर को शिवसेना में शामिल करना इसी योजना का हिस्सा था। सचिन वर्ली से विधायक रहे थे। प्रधान के मुताबिक, शिवसेना सांसद संजय राउत ने पिछले हफ्ते राकांपा प्रमुख शरद पवार से मिल कर अनुरोध किया था कि वे वर्ली में आदित्य के खिलाफ कोई उम्मीदवार न उतारें। इस सीट से शिवसेना 5 बार चुनाव जीत चुकी है।

भतीजे के लिए सीट छोड़ेंगे राज ठाकरे

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) सूत्रों के मुताबिक, आदित्य ने चुनाव मैदान में उतरने से पहले राज ठाकरे का आशीर्वाद लिया है। माना जा रहा है कि आदित्य के लिए मनसे वर्ली सीट छोड़ सकती है। वर्ली सीट पर मनसे का अच्छा जनाधार है। 2009 के विधानसभा चुनाव में मनसे को 32 हजार वोट मिले थे। हालांकि 2014 में वोट गिरकर 8000 रह गए थे।


comments