नागरिकता संशोधन कानून का विरोध हिंसक, लखनऊ व सम्भल में माहौल खराब

By: Dilip Kumar
12/19/2019 4:55:56 PM
नई दिल्ली

नागरिकता संशोधन कानून के साथ ही प्रदेश की खराब हो चुकी कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन बेहद हिंसक हो गया। पश्चिमी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक लोग सड़कों पर उतर आए और सरकारी संपत्तियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। सम्भल में रोडवेज की बसों को तो लखनऊ में पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया गया। पुलिस के खिलाफ संप्रदाय विशेष का रोष लगातार बढ़ गया। लखनऊ में पथराव में एसपी ट्रैफिक के साथ दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हैं। आज की रात के साथ ही साथ शुक्रवार का दिन भी पुलिस के लिए काफी चुनौतीभरा रहेगा।

नागरिकता संशोधन कानून, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति सहित कई मुद्दों पर समाजवादी पार्टी ने गुुरूवार को लखनऊ में विधानसभा के सामने के साथ कैसरबाग में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इनको रोका गया तो प्रदर्शन करने वाले लोग पथराव करने लगे। इसके बाद बवाल बढ़ता गया और प्रदर्शनकारियों ने हसनगंज कोतवाली क्षेत्र की मदेयगंज पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन की तैयारी पर प्रदर्शनकारी भारी पड़े। लखनऊ में तो आज चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। इतना ही नहीं डीजीपी ओपी सिंह परिवर्तन चौक पर शीर्ष अधिकारियों के साथ डटे थे। इसके बाद भी राजधानी प्रदर्शनकारियों की गिरफ्त में रही। इसी बीच प्रदर्शनकारियोंं ने वहीं हनुमान सेतु के पास पथराव कर दिया। पथराव में एसपी ट्रैफिक लखनऊ घायल हो गए हैं।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन हो रहा है।

सम्भल में यह प्रदर्शन काफी उग्र हो गया। सम्भल के सदर इलाके में कई बसों में आगजनी की गई है। इसके साथ कई पुलिस की गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ किया गया है। मीडिया कर्मियों पर भी हमला किया गया है। यहां पर कई मीडिया कर्मी घायल हैं। इस प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के साथ कई मुस्लिम संगठन ने बुलाया था। नगरपालिका मैदान में विरोध प्रदर्शन के बाद लौट रही उन्मादी भीड़ ने तीन बसों को आग लगा दी।

चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने पहुंची भीड़ ने चौकी में पथराव कर दिया पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। सुबह प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने यहां सरायतरीन, चौधरी सराय पुलिस चौकी पर बैरियर लगाए थे, लेकिन यह भीड़ बैरियर तोड़कर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर आगे बढ़ गई। इसके बाद शहर में दहशत का माहौल बन गया और स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए जनपद की फोर्स के साथ ही पीएसी आनन-फानन में सम्भल की ओर पहुंची।

शहर के साथ ही सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पूरी तरह से थम गया। उग्र भीड़ ने पुलिस की गाडिय़ों पर पथराव भी किया। इससे पुलिस कर्मी भी सहम गए। उग्र आंदोलन को देखते हुए सड़क पर जिसको जहां जगह मिली वह वहीं छुप गया। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं लेकिन भीड़ के मद्देनजर ये नाकाफी साबित हुए।

 


comments