कोरोना से अब तक 344 केस: देशभर में सभी ट्रेन 31 मार्च तक बंद की गईं

By: Dilip Kumar
3/22/2020 1:25:29 PM
नई दिल्ली

कोरोनावायरस हर दिन तेजी से फैलता जा रहा है। देश में अब तक 344 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी गंभीरता को देखते हुए रेलवे सभी ट्रेनों को 25 मार्च तक बंद करने पर विचार कर रहा है। रेलवे बोर्ड की मीटिंग जारी है। इस बीच पंजाब को 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है।

कोरोना से देश में छठी मौत

इस संक्रमण से शनिवार रात मुंबई और पटना में दो और मौतें हो गई हैं। मुंबई में जिस मरीज की मौत हुई उनकी उम्र 63 साल थी और पटना वाले की 38 साल। दोनों डायबिटीज के मरीज थे। इससे पहले कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली, पंजाब के नवांशहर और मुंबई में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई थी।

तृणमूल ने अपने सांसदों से अपने क्षेत्र में लौटने को कहा

तृणमूल ने कोरोनावायरस संकट को देखते हुए अपने सांसदों को पार्लियामेंट से लौटने और अपने संसदीय क्षेत्र में जाने को कहा। संसद में राज्यसभा में 44% और लोकसभा में 22% सांसद 65 साल से अधिक उम्र के हैं।

इटली से 263 भारतीय लाए गए

कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित इटली से 263 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान रविवार को दिल्ली आ गया। इनमें ज्यादातर छात्र हैं। इन्हें एयरपोर्ट से अलग रास्ते से निकाला गया। इन भारतीयों और उनके सामान को सैनिटाइज करने में सभी तय नियमों का ध्यान रखा गया। इन सभी को दिल्ली स्थित आईटीबीपी के छावला क्वारैंटाइन सेंटर ले जाया गया है। इटली में 500 से ज्यादा भारतीय फंसे हैं। ऐसे में बाकी लोगों को लेने दूसरा विमान भी भेजा जा सकता है।

असम में बच्चे की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई

असम में शनिवार को चार साल के जिस बच्चे को कोरोना पॉजिटिव बताया गया था। उसकी दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने यह जानकारी दी है। अब तक असम में कोरोना वायरस का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।

अपडेट्स...

बिहार: पटना में 38 साल के एक मरीज की शनिवार रात मौत हो गई। रविवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वह डायबिटीज का मरीज भी था। इसके अलावा राज्य में एक और पॉजिटिव मिला है, जबकि दो संदिग्धों की रिपोर्ट आना बाकी है।

महाराष्ट्र: मुंबई में शनिवार रात एक कोरोना पॉजिटिव की मौत हो गई है। उनकी उम्र 63 साल थी और वे डायबिटीज का मरीज था। राज्य में इस संक्रमण से यह दूसरी मौत है। वहीं, राज्य में 10 नए पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से छह मुंबई में और चार पुणे में हैं। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 74 हो गई है।

राजस्थान: जोधपुर में संक्रमण का पहला मामला सामने आया। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 27 हो गई है। इनमें से तीन मरीज ठीक हो गए हैं।

चंडीगढ़: एक और संक्रमित पाया गया। इस केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की संख्या छह हुई।

प.बंगाल: शनिवार रात 12 बजे से दूसरे राज्यों में जाने वाली बसें 31 मार्च तक के लिए बंद की गईं।

दिल्ली: संक्रमितों की संख्या 27 हुई। इनमें से 20 अस्पताल में भर्ती हैं, पांच ठीक हो गए हैं। एक विदेशी अपने देश चला गया है और एक महिला मरीज की मौत हो चुकी है।

कर्नाटक: धारवाड़ के होसायेल्लापुर में विदेश से लौटी 33 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इस महिला के घर के आसपास तीन किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को क्वारैंटाइन किया गया।

तमिलनाडु: स्पेन से लौटे एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सी विजयभास्कर ने यह जानकारी दी। कोरोनावायरस फैलने के डर से तमिलनाडु में छोटे अपराधों में सजा काट रहे 51 कैदियों को रिहा कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर: सरकार ने सभी कार्यालयों में 24 मार्च की छुट्‌टी घोषित की। 23 मार्च और 25 मार्च को शासकीय अवकाश था। यानी यहां लगातार तीन दिन कार्यालय बंद रहेंगे।

ओडिशा: सरकार ने खुर्धा, कटक, गंजम, केंद्रपाड़ा, अंगुल, राउरकेला, संबलपुर, जर्सुगुडा, बालासोर, जाजपुर और भद्रक में 29 मार्च तक लॉकडाउन का ऐलान।


comments