पंचतत्व में विलीन हुए ऋषि कपूर, रणबीर-आलिया समेत 24 लोगों ने दी आखिरी विदाई

By: Dilip Kumar
4/30/2020 5:42:21 PM
नई दिल्ली

बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। गुरुवार सुबह 8:45 बजे मुंबई के एच.एन रिलायंस हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांस ली। आखिरी वक्त में उनके साथ उनकी पत्नी नीतू कपूर मौजूद रहीं। उनका अंतिम संस्कार शाम 4:15 बजे चंदनवाणी शवदाह गृह में किया गया। इसमें अलिया भट्ट और रणबीर कपूर समेत 24 लोग शामिल हुए। लॉकडाउन की वजह से उनकी बेटी रिद्धिमा नहीं पहुंच पाईं।

पंचतत्व में विलीन हुए ऋषि कपूर

ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार चंदनवाड़ी स्थित शवदाह गृह में हुआ। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कुल 24 लोगों को मुंबई पुलिस ने इजाज़त दी। 19 लोग परिवार के और 5 लोग करीबी शामिल हुए। इनमें ऋषि की बहन रीमा जैन, जीजा मनोज जैन, पत्नी नीतू कपूर, अरमान जैन, आदर जैन, अनीषा जैन, रणधीर कपूर, राजीव कपूर, विमल पारीख, रोहित धवन, जयराम, आलिया, भट्ट, रणबीर कपूर, करीना कपूर, सैफ़ अली ख़ान और अभिषेक बच्चन शामिल हुए। रिद्धिमा ने चार्टर्ड प्लेन से आने की कोशिश की थी, मगर डीजीसीए से अनुमति नहीं मिली।

हॉस्पिटल में मौजूद रहे करीना और आलिया

ऋषि कपूर के निधन के बाद परिवार वाले धीरे-धीरे हॉस्पिटल पहुंचे। करीना कपूर अपने पति सैफ़ अली ख़ान के साथ हॉस्पिटल पहुंचींं। इसके अलावा रणबीर कपूर की गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट हॉस्पिटल पहुंचीं। वहीं, परिवार ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर का भी इंतज़ार कर रहा था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से वह उनका अंतिम दर्शन नहीं कर सकीं।

परिवार ने कहा- हंसते हुए चल गए ऋषि कपूर

ऋषि कपूर के परिवार की ओर से उनके निधन की आधिकारिक सूचना भी दी गई। ऑफ़िशियल स्टेटमेंट के मुताबिक, ऋषि कपूर ने गुरुवार को सुबह 8:45 बजे पर इस दुनिया को अलविदा कहा। इसमें बताया गया कि ऋषि कपूर पिछले दो साल से leukemia से पीड़ित थे। उन्होंने हंंसते हुए और लोगों को हंसाते हुए इस दुनिया का साथ छोड़ा। इस बयान में लॉकडाउन की वजह से भीड़ इकट्ठा ना होने की भी बात कही गई। लोगों से अपील की गई है कि वह नियम का पालन करें, जो इस वक्त लागू हैं।

बुधावार हुई तबीयत ख़राब

बुधवार को एक्टर की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया गया। उनका इलाज़ मुंबई के एच.एन रिलायंस हॉस्पिटल में चल रहा था। भाई रणधीर कपूर ने इस खबर को कन्फर्म किया था कि ऋषि कपूर की तबीयत ठीक नहीं है। अब इसी हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
सांस लेने में थी दिक्कत

ऋषि कपूर को सांस लेने में दिक्कत थी। ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में ही न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर का इलाज करवाने के बाद भारत लौटे थे। उन्हें साल 2018 में पता चला था कि वह कैंसर से पीड़ित हैं। इसके बाद वह अपने इलाज़ के लिए न्यूयॉर्क गए थे। उनके आखिर वक्त में उनकी पत्नी नीतू कपूर उनके साथ ही रहीं।

दिल्ली से घर आना चाहती थीं बेटी रिद्धिमा

ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर दिल्ली में हैं। पिता की तबीयत ख़राब होने की जानकारी मिलते ही, उन्होंने सरकार से दिल्ली से मुंबई तक की यात्रा की इजाजत मांगी। उन्हें इज़ाजत मिली, लेकिन वह समय रहते मुंबई नहीं पहुंच सकीं।

ऋषि कपूर का आखिरी ट्वीट

ऋषि कपूर जाते-जाते अपने आखिरी ट्वीट में लोगों से एक साथ रहने की अपील कर गए। उन्होंने कोरोना वायरस योद्धाओं पर हो रहे हमले की निंदा की और लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस युद्ध को एक साथ जीतना होगा।

शोक की लहर

ऋषि कपूर के निधन के बाद से चारों तरफ शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सवंदेना व्यक्त करते हुए कहा है कि ऋषि कपूर का आकस्मिक निधन चौंकाने वाला है। वह न केवल एक महान अभिनेता थे, बल्कि एक अच्छे इंसान भी थे। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है। इसके अलावा कई और फ़िल्म अभिनेताओं और एक्टर्स ने अपनी संवेदना व्यक्त की है।

ऋषि कपूर के निधन पर राष्ट्रपति, PM समेत कई हस्तियों ने जताया दुख

अभिनेता ऋषि कपूर का आज निधन हो गया।ऋषि कपूर 67 साल के थे। फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने ट्विटर अकाउंट से इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि वो चला गया..ऋषि कपूर..चले गए..।मैं बुरी तरह टूट गया हूं। ऋषि कपूर के परिवार की ओर से इसकी आधिकारिक सूचना भी दे दी गई है।ऑफ़िशियल स्टेटमेंट के मुताबिक, ऋषि कपूर ने गुरुवार को सुबह 8:45 मिनट पर इस दुनिया को अलविदा कहा। इसमें बताया गया कि ऋषि कपूर पिछले दो साल से leukemia से पीड़ित थे। अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां उनकी मौत पर शोक व्यक्त कर रही हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर लिखा कि ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है। उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।

ऋषि कपूर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है।उन्होंने ट्विटर पर लिखा, बहुआयामी, प्रिय और जीवंत...ये ऋषि कपूर जी थे। वह प्रतिभा का पावरहाउस थे।मैं हमेशा सोशल मीडिया पर भी अपनी बातचीत को याद करूंगा।वह फिल्मों और भारत की प्रगति के बारे में भावुक थे।उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

गृह मंत्री अमित शाह ने ऋषि कपूर के निधन पर कहा कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर जी के निधन के बारे में जानने पर दुख हुआ। वह अपने आप में एक संस्था थे। ऋषि कपूर जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।उन्हें उनके असाधारण अभिनय कौशल के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि जाने माने फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूं। उन्होंने अपने अनमोल अंदाज और अदाकारी से अपने प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई। दुख की इस घड़ी में मेरे विचार, उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।ओम शांति।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऋषि कपूर के निधन पर कहा कि मैं एक बड़ी फिल्म बफ नहीं, लेकिन दो दिनों के अंदर 2 प्रतिष्ठित अभिनेताओं के खोने से दुखी हूं। इरफान खान की पिकू में शानदार प्रतिभा देखने लायक थी और ऋषि कपूर की युवा बॉबी के बावजूद, हम तुम में एक मजेदार, शारीरिक रूप से दूर, सहायक पिता के रूप में उनकी भूमिका शानदार थी।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा के लिए एक और बड़ी क्षति। महान अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से दुखी, प्रतिभा और कला से परिपूर्ण एक व्यक्ति।उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ओम शांति शांति शांति शांति।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऋषि कपूर के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि भारतीय सिनेमा के लिए यह एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और किंवदंती अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है। एक अद्भुत अभिनेता, पीढ़ी दर पीढ़ी एक विशाल प्रशंसक के साथ, वह बहुत याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। शिवसेना सांसद आदित्य ठाकरे ने ऋषि कपूर की मौत पर कहा कि ऋषि जी, एक ऐसा व्यक्ति जिसने सिने जगत को अच्छे लगने वाले को सही मायने में दिखाया और दशकों और 3 पीढ़ियों तक परिवार का दोस्त रहा।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताया।उन्होंने कहा कि अभिनेता ऋषि कपूर के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ।उन्होंने अपने पूरे करियर में भारतीयों की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया।कितना भयानक नुकसान हुआ..शोकग्रस्त परिवार के प्रति मेरी संवेदना।भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए लिखा कि प्रतिष्ठित और बहुमुखी फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर गहरा शोक और दुख हुआ। एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने अपनी बीमारी को गरिमा और अनुग्रह के साथ सहन किया। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और पूरी फिल्म बिरादरी के प्रति मेरी संवेदना।

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अभिनेता ऋषि कपूर की मौत पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा कि यह सुनकर दुख हुआ कि मुंबई के कैंपियन स्कूल में मेरे वरिष्ठ स्कूली छात्र ऋषि कपूर जिनसे मैंने 1967-68 में इंटर-क्लास ड्रामेटिक्स में प्रतिस्पर्धा की, एक बेहतर दुनिया में चले गए। 'बॉबी' के रोमांटिक हीरो से लेकर उनकी पिछली फिल्मों के परिपक्व चरित्र अभिनेता तक, वह उल्लेखनीय रूप से विकसित हुए।

कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि दिग्गज अभिनेता, ऋषि कपूर के निधन से हैरान हूं। उनके शानदार अभिनय से हमें मंत्रमुग्ध करने का उनका तरीका याद और याद रह जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना। राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर कहा कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए बहुत बड़ी क्षति है।वह अपने प्रतिष्ठित कार्यों के माध्यम से हमारे बीच रहना जारी रखेंगे।उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है।
सपा नेता अखिलेश यादव ने ऋषि कपूर के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि युवा दिलों की धड़कन रहे बहुमुखी अभिनय-कला के धनी ऋषि कपूर जी का निधन एक युग का अंत है...भावभीनी श्रद्धांजलि! उनकी गुनगुनाती यादें यूं ही गूंजती रहेंगी।चल कहीं दूर निकल जाएं...

बाबा रामदेव ने ऋषि कपूर के निधन पर कहा कि ऋषि कपूर के साथ एक आत्मीय संबंध था। वह एक अच्छे कलाकार के साथ साथ एक अच्छे योगी भी थे, ऋषि कपूर एक बेबाक,आदर्श चरित्र वाले, जिंदादिल इंसान थे।

शतुघ्न सिन्हा ने ऋषि कपूर की मौत पर कहा कि चौंका देने वाला! अविश्वसनीय! समाचार हम सभी के लिए, ऋषि कपूर के असामयिक निधन से स्तब्ध हूं।वह सबसे अधिक योग्य, स्टार अभिनेता था, महान गुणों के साथ, कामुक, आकर्षक, मनमोहक, सबसे प्रिय, निर्माता, निर्देशक और निर्देशक क्या नहीं।


बेस्ट एक्टर से लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड तक 

आपको बता दें कि ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर, 1952 को मुंबई के चेंबूर में हुआ। ऋषि कपूर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कैंपियन स्कूल, मुंबई से की। इसके बाद वह अजमेर के मेयो कॉलेज से आगे की पढ़ाई की। बतौर बाल कलाकर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। वह फिल्म 'मेरा नाम जोकर' में नज़र आए। बतौर लीड एक्टर बॉबी उनकी पहली फ़िल्म थी। इस फ़िल्म को राज कपूर ने निर्देशित किया था। जिसके लिए उन्हें 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार मिला। वहीं, साल 2008 में ऋषि कपूर को फिल्म फेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से भी नवाजा गया। ऋषि ने अपने फ़िल्मी करियर में कई शानदार फ़िल्में कीं। गौरतलब है कि ऋषि कपूर के पिता राज कपूर और दादा पृथ्वीराज कपूर भी कला की इस दुनिया में सक्रिय रहे। ऋषि के बटे रणबीर कपूर इस वक्त बॉलीवुड में सक्रिय हैं। ऋषि कपूर ने अपने जीवन के ऊपर एक आत्मकथा भी लिखी। 'खुल्लम खुल्ला ऋषि कपूर अन्सेन्सर्ड'। इसमें उन्होंने अपनी लाइफ़ से जुड़े हर पहलू के बारे में बताया। दाऊद से मुलकात, पत्नी से प्यार और अवॉर्ड्स शो के बारे में।

पाकिस्तान में मौत की खबर से ऋषि कपूर के दोस्त हुए भावुक

ऋषि बेहद ही जिंदादिल इंसान थे और यही वजह थी कि उनके चाहने वाले पूरी दुनिया में थे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर वसीम बारी ने भी अपने इस दोस्त के निधन पर शोक जताया और उनको याद किया। ऋषि और बारी की दोस्ती 40 साल पहले हुई थी जब पाकिस्तान की टीम भारत का दौरा करने आई थी। साल 1979-80 में पाकिस्तान ने भारत की दौरा किया था और बारी इस टीम में बतौर विकेटकीपर शामिल थे। बारी को उस वक्त दुनिया का नंबर एक विकेटकीपर माना जाता था। ऋषि उनके खेल से इतने प्रभावित हुए कि पाकिस्तान के पत्रकार कमर अहमद से बारी से मुलाकात की गुजारिश कर दी। 1979-80 में जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत का दौरा कर रही थी तो एक पार्टी के दौरान पाकिस्तान के पत्रकार कमर से ऋषि ने मुलाकात की और टीम के विकेटकीपर वसीम बारी से मिलने की इच्छा जताई। इसके बाद कमर ने बॉलीवुड के स्टार की मुलाकात उस वक्त दुनिया के नंबर एक विकेटकीपर माने जाने वाले वसीम बारी से करवाई।

बारी ने गुरुवार को मिड डे से बात करते हुए अपने दोस्त ऋषि के निधन पर शोक जताया। वो इस शानदार अभिनेता और दोस्त की मौत से काफी दुखी थे। बारी ने बताया कि जब ऋषि जी के कैंसर का इलाज चल रहा था तो उन्होंने मिलने की कोशिश भी की थी, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर ने बताया कि उनको याद है कि कैसे ऋषि जी ने उन्हें अपने घर पर खाने के लिए बुलाया था। इतना ही नहीं अपने दोस्त की पत्नी के लिए उन्होंने एक गिफ्ट भी दिया था।

 


comments