चुनावी रंजिश में बेगूसराय में भाजपा नेता की हत्या,दो घायल

By: Dilip Kumar
5/17/2020 1:31:43 PM
नई दिल्ली

बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग में दो और लोगों को गोली लगी है जिनकी हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। घटना मटिहानी थाना क्षेत्र के कैथमा इलाके की है। मृतक धीरज भारद्वाज भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री थे।

केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि कैथमा,बेगूसराय निवासी युवा भाजपा कार्यकर्ता धीरज भारद्वाज की हत्या हमारे लिए,भाजपा और समाज के लिए बहुत ही पीड़ादायक है। हत्या से समाज का कभी भला नहीं हो सकता।  प्रभु परिवार को इस अपार विपदा को सहने की शक्ति दे। प्रशासन इसपे त्वरित करवाई करेगी।

भाजयुमो नेता धीरज भारद्वाज रविवार सुबह घर के बाहर खड़े होकर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए तीन नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। धीरज को पांच गोली लगी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके साथी को भी दो गोली लगी है। फायरिंग के दौरान वहां से दूध लेकर जा रहे एक युवक को भी गोली लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी पिस्टल लहराते हुए मौके से भाग निकले।

वारदात को लेकर परिजन अभी कुछ नहीं बोल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनावी रंजिश के चलते अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। कुछ दिनों बाद नगर निगम का चुनाव होना है। इसमें धीरज भी चुनाव लड़ने वाला था। वह पहले भी चुनाव लड़ चुका है लेकिन बहुत कम मतों के अंतर से हार गया था। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

 


comments