बिहार में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1392, 9 लोगों की मौत

By: Dilip Kumar
5/18/2020 5:33:50 PM
नई दिल्ली

बिहार में संक्रमितों की संख्या 1392 हो गई। सोमवार को 72 नए केस मिले। सात दिन में 631 नए मामले सामने आए हैं। 9 लोगों की मौत हो चुकी है। 499 स्वस्थ हुए हैं। पटना के एनएमसीएच (नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल) में सोमवार को 70 साल की कोरोना मरीज की मौत हो गई। महिला लंग्स कैंसर और कई अन्य रोग से भी जूझ रही थी। वह वैशाली जिले के जंदाहा की रहने वाली थी। सीतामढ़ी जिले के एक क्वारैंटाइन सेंटर में रह रहे एक प्रवासी की सोमवार को मौत हो गई।

बिहार में लॉकडाउन-4 में कितनी छूट मिलती है। इसका फैसला सरकार एक-दो दिन में करेगी। पटना के बख्तियारपुर में मुख्यमंत्री का पैतृक घर है। यहां बिहार सैन्य पुलिस के चार जवान संक्रमित मिले हैं। अब इस घर और आसपास का इलाका सैनिटाइज कराया गया है। इस घर में मुख्यमंत्री का परिवार नहीं रहता।

सीएम नीतीश ने ऐलान किया है कि जो प्रवासी वापस आना चाहते हैं, उन्हें सरकार यहां लाएगी। इसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सीएम ने कहा- हम सभी प्रवासियों को सुरक्षित वापस लाएंगे। लोगों को छिपकर या पैदल आने की जरूरत नहीं है।

पटना में संक्रमितों की संख्या 164 हो गई है। रविवार को 58 नए मरीज मिले। दूसरे नंबर पर मुंगेर है। यहां 133 लोग केस हैं। बीएमपी (बिहार सैन्य पुलिस)-14 के 47 जवान संक्रमित हो चुके हैं। पटना जिले की यह सबसे बड़ी चेन है। इससे पहले खाजपुरा में 26 पॉजिटिव हुए थे। मुंगेर में संक्रमण करीब-करीब खत्म हो गया था। लेकिन, प्रवासियों के लौटने की वजह से यह बढ़ने लगा है। 3 मई के बाद जो भी पॉजिटिव केस मिले, वे सभी प्रवासी हैं। 3 मई तक मरीजों की संख्या 95 थी। 14 दिन में 30 नए केस मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या 133 है। 90 ठीक होकर घर जा चुके हैं। एक की मौत हो चुकी है।


comments