अंबानी व अडानी का रास्ता साफ कर रही मोदी सरकार : राहुल गांधी

By: Dilip Kumar
10/6/2020 8:22:18 PM
नई दिल्ली

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार अंबानी और अडानी का रास्ता साफ करने में लगी है। वे मोदी की मार्किटिंग कर सकते हैं। हरियाणा के पिहोवा अनाजमंडी में किसानों, आढ़तियों और मजदूरों की रैली में उन्‍होंने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमले किए। इससे पहले वह ट्रैक्‍टर यात्रा के तहत पंजाब-हरियाणा बार्डर से हरियाणा में दाखिल हुए। राहुल ट्रैक्‍टर यात्रा के साथ पिहोवा अनाजमंडी में रैली में पहुंचे। रैली में वह किसानाें, आढ़तियों और मजदूरों को संबोधित करेंगे। रैली में राहुल गांधी को हरियाणा पगड़ी देकर सम्‍मानित किया गया।

लंबी गहमागहमी के बाद राहुल गांधी चार ट्रैक्टर संग हरियाणा में हुए दाखिल

इससे पहले राहुल गांधी ने काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद चार ट्रैक्‍टरों के संग हरियाणा में प्रवेश किया। उनके ट्रैक्‍टर पर हरियाणा में प्रवेश को लेकर विवाद और टकराव पैदा हो गया था। पुलिस राहुल को पैदल पंजाब से हरियाणा में आने को कह रही थी, लेकिन राहुल ट्रैक्‍टर पर ही आने को अड़े हुए थे। वह करीब 25 मिनट से पंजाब सीमा में मारकंडा पुल पर खड़े रहे। अब पुलिस से सहमति बन गई। राहुल गांधी के ट्रैक्‍टर को पहले पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ और बाद में हरियाणा कांग्रेस की अध्‍यक्ष कुमारी सैलजा चलाकर हरियाणा में प्रवेश किया।

बता दें कि राहुल गांधी की 'खेती बचाओ यात्रा' को पंजाब-हरियाणा बार्डर पर हरियाणा पुलिस द्वारा काफी देर तक रोके रखा गया। उनकी यात्रा को हरियाणा पुलिस द्वारा हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर रोके जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश दिखा। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने मोर्चा संभाला। कुमारी सैलजा अकेली चलकर हरियाणा पुलिस के पास पहुंची और कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक से बातचीत की। काफी देर तक चली जद्दोजहद के बाद हरियाणा पुलिस ने राहुल गांधी को हरियाणा में दाखिल होने की अनुमति दे दी।

 


comments