भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री पायस पंडित आम आदमी पार्टी में शामिल

By: Dilip Kumar
1/10/2021 9:29:09 PM

आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बेहद गंभीर है। आम आदमी पार्टी के संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद पार्टी से राज्यसभा सदस्य तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह की सक्रियता काफी बढ़ गई है। लखनऊ में रविवार को संजय सिंह ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री पायस पंडित को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई। पायस पंडित मिर्जापुर की निवासी हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पायस पंडित ने भोजपुरी सिने उद्योग की सबसे बड़ी ग्राफिकल फिल्म नागराज में काम किया है। सुपरहिट फिल्म इच्छाधारी की सीक्वल इस फिल्म में यश कुमार के साथ अंजना सिंह व पायस पंडित ने काम किया।

मीडिया से वार्ता में संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता प्रदेश की आदित्यनाथ सरकार से बेहद परेशान है। प्रदेश के लोगों को किसी भी क्षेत्र में कोई काम होता नहीं दिख रहा है। भ्रष्टाचार तो चरम पर है, इसके साथ कानून-व्यवस्था भी ध्वस्त है। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध के कारण बहन व बेटियों का घर से निकलना मुश्किल होता जा रहा है। लखनऊ में गैंगवार चल रहा है। अपराधी इतने बेखौफ हैं कि एक व्यक्ति को 35-36 गोली मारते हैं और इसके बाद आराम से फरार हो जाते हैं। पुलिस चौकी के पास की इस घटना में अभी तक पुलिस लकीर पीट रही है। इतनी बड़ी घटना के बाद न तो कोई आरोपित पकड़ा गया है औ न ही किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई एक्शन लिया गया है। गाजियाबाद में तो इतना बड़ा घोटाला हुआ है कि अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोग शवों के रूप में अपने घर लौटे।  


comments