उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 लड़ने को तैयार नीतीश कुमार की JDU

By: Dilip Kumar
1/10/2021 9:32:53 PM
नई दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी के साथ बिहार की सत्ता पर काबिज जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) भी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। उत्तर प्रदेश में इससे पहले भी जनता दल विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा चुकी है। अब देखना होगा कि जेडीयू यहां पर अलग से अपने प्रत्याशी उतारती है या फिर भाजपा के साथ गठबंधन करती है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) अब अपना विस्तार उत्तर प्रदेश में भी करने जा रही है। यूपी में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव 2022 में जेडीयू भी ताल ठोकने की तैयारी में है। जनता दल यूनाइटेड के महासचिव केसी त्यागी ने बताया कि 2022 में जेडीयू उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। अगर भाजपा गठबंधन करेगी तो ठीक है, वरना हम अकेले ही मैदान में उतरेंगे। पार्टी के अभियान का आगाज 23-24 तारीख को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर लखनऊ में एक समारोह में होगा।

केसी त्यागी ने कहा कि यूपी का बड़ा हिस्सा जो बिहार से सटा है। वहां हमारी पार्टी के विस्तार की बड़ी संभावना है। 23 और 24 को राज्य कार्यकारिणी की बैठक है। इसमें जिलाध्यक्ष भी भाग लेंगे। इस दिन कर्पूरी ठाकुर का जन्मदिन है। वह समाजिक न्याय आन्दोलन के बड़े नेता रहे हैं। इन्हीं सब बातों का ध्यान में रखते हुए पार्टी अपनी रणनीति बना रही है। जेडीयू चाहती है कि बिहार से सटे यूपी के जिले में अपनी पैठ बनी रहे। भोजपुरी भाषी लोगों के बीच पार्टी अपना संपर्क का दायरा बढ़ाकर अपनी पहुंच बनाना चाहती है।


comments