'मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भी भाजपा के पास 21, जदयू के पास 20 विभाग ही रहेंगे'

By: Dilip Kumar
1/11/2021 8:05:34 PM
नई दिल्ली

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह ने साफ कर दिया कि मंत्रिमंडल में जिनकी जितनी हिस्सेदारी थी, वो दी जा चुकी है। चारों दलों को विभाग मिले हुए हैं। मंत्रिमंडल के लिए कोई भी विवाद नहीं है। उन्होंने यह बात पार्टी द्वारा आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में कही। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह आज पूरे फार्म में नजर आए। शुरु से ही तेजस्वी यादव पर हमलावर दिखे। सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने पहली ही कैबिनेट में 20 लाख लोगों को रोजगार देने पर मुहर लगाई है। तेजस्वी यादव ने तो हवाई घोषणा की थी। बिहार के सरकारी विभागों में रोज नौकरी का विज्ञापन निकल रहा है। इस प्रेस कांफ्रेंस में जदयू के नए प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह, सांसद ललन सिंह के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह भी मौजूद थे।

किसके पास कितने विभाग

वर्तमान में जदयू के पास 20 विभाग हैं, तो भाजपा के पास 21 विभागों की जिम्मेदारी है। हम के पास दो और VIP के पास एक विभाग है। ऐसे में 50-50 का फार्मूला फिट नहीं बैठता है। जो विभाग बंट चुके हैं, उसी मुताबिक मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। यानी जिनके पास जितने विभाग हैं, उतने ही लोग मंत्री बन सकते हैं। जदयू की बात करें तो, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास पांच विभाग हैं। गृह विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, कैबिनेट सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन विभाग मुख्यमंत्री के पास है। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के पास वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन, सूचना प्रावैद्यिकी विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी है। उपमुख्यमंत्री रेणू देवी के पास पंचायती राज, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण और उद्योग विभाग है। अभी फिलहाल मुख्यमंत्री छोड़ कर जदयू के पास पांच मंत्री हैं, जिनपर कई विभागों की जिम्मेदारी है। भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री सहित सात मंत्री हैं, जिन पर 21 विभाग की जिम्मेदारी है। VIP के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पास एक और हम कोटे से संतोष कुमार सुमन के पास दो विभाग हैं। यानी जीतन राम मांझी की पार्टी को एक और मंत्री मिलने की पूरी संभावना है।

 

 


comments