तेजस्वी, राबड़ी और मीसा समेत ये लोग पहुंच रहे रांची

By: Dilip Kumar
1/22/2021 2:25:58 PM
नई दिल्ली

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत स्थिर बनी हुई है, डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी में जुटी है। इस बीच बड़ी बेटी मीसा भारती भी लालू यादव के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए रांची पहुंची हैं। शुक्रवार को मीसा भारती रांची स्थित रिम्स के पेइंग वार्ड में पिता से मिलने पहुंचीं। इस दौरान मीडियाकर्मियों का काफी जमावड़ा देखा गया। हालांकि, मीसा भारती ने किसी से कोई बात नहीं की। खबर है कि दोपहर बाद तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी भी रांची पहुंच सकते हैं।

लालू यादव से मिलने पहुंची बेटी मीसा भारती

चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत गुरुवार शाम अचानक बिगड़ गई थी। इधर, उनके स्वास्थ्य को लेकर आरजेडी नेताओं -कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खासी चिंता देखी जा रही है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और HAM पार्टी के मुखिया जीतनराम मांझी ने भी लालू यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मांझी ने ट्वीट में लिखा, लालू प्रसाद यादव की बीमारी बढ़ जाने की खबरों से चिंतिंत हूं। ईश्वर उन्हें जल्द स्वस्थ करें यही कामना है। शुक्रवार को मीसा भारती पिता लालू यादव से मिलने पहुंचीं।

राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के भी जल्द रांची पहुंचने की चर्चा

खबर है कि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी दोपहर बाद रांची पहुंच सकते हैं। इस बीच आरजेडी नेता भोला यादव भी रांची पहुंचे हैं। वहीं एचआरसीटी जांच के लिए लालू यादव को ले जाया जाएगा। इससे पहले लालू यादव के खराब स्वस्थ्य को लेकर रिम्स निदेशक ने बताया था कि उनकी तबीयत स्थिर है और दिल्ली एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों से भी जांच टीम लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि लालू प्रसाद की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर कई टेस्ट कराए गए हैं। कुछ जांच की रिपोर्ट आ चुकी है, तो कुछ रिपोर्ट आनी बाकी है।

लालू यादव के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों ने क्या कहा...

आरजेडी प्रमुख के स्वास्थ्य जांच में जुटे डॉक्टरों ने बताया कि निमोनिया और लंग्स में इन्फेक्शन मिलने के बाद उनका एक्स-रे भी कराया गया, साथ ही कोरोना टेस्ट भी कराया गया है। लालू प्रसाद पहले से ही करीब एक दर्जन गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। उनकी किडनी भी 25 से 30 फीसदी ही काम कर रही है, शुगर के मरीज पहले से हैं।


comments