यूपी कैबिनेट बैठक : बनेंगे रामायण-महाभारत सर्किट, पुराने महलों को हेरिटेज बनाएंगे

By: Dilip Kumar
11/16/2022 11:22:34 PM

यूपी में भगवान राम से जुड़े स्थलों को रामायण सर्किट और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को कृष्ण सर्किट के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस योजना को नई पर्यटन नीति में शामिल किया गया है। बुधवार को मंत्रिपरिषद ने नई पर्यटन नीति को मंजूरी दे दी है। इसके बाद सरकार इन सर्किट के जरिए पर्यटन के नए क्षेत्रों का विकास करेगी। साथ ही प्रदेश में पुराने महलों को हेरिटेज होटल में बदलने में भी सरकार मदद करेगी। विलेज स्टे के लिए ग्रामीण इलाकों में मदद की जाएगी। कैबिनेट मिनिस्टर एके शर्मा ने कहा कि इससे यूपी में टूरिज्म बढ़ेगा। दरअसल, योगी सरकार की कैबिनेट बैठक बुधवार को हुई। इसमें 24 अहम प्रस्ताव पर मुहर लगी। इसी में यूपी की पर्यटन नीति से जुड़े प्रस्ताव भी पास हुआ है।

भगवान राम और कृष्ण से जुड़े स्थल होंगे सर्किट का हिस्सा

रामायण सर्किट में अयोध्या, चित्रकूट, बिठूर समेत अन्य धार्मिक स्थल शामिल होंगे। इन धार्मिक स्थलों को भगवान राम और माता सीता के प्रतीकों के तौर पर देखा जाता है। इसी तरह कृष्ण सर्किट में मथुरा, वृंदावन, गोकुल, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, बलदेव से लेकर अन्य धार्मिक स्थलों को जोड़ा जाएगा। इसी तरह, बुद्धिस्ट सर्किट में कपिलवस्तु, सारनाथ, कुशीनगर, कौशाम्बी, श्रावस्ती, रामग्राम समेत अन्य स्थल शामिल होंगे।

महाभारत और शक्तिपीठ सर्किट का होगा विकास

महाभारत सर्किट की भी परिकल्पना की गई है। इसमें हस्तिनापुर, कांपिल्य, एछत्र, बरनावा, मथुरा, कौशाम्बी, गोंडा, लाक्षागृह जैसे स्थानों को चुना गया है। इसी तरह शक्तिपीठ सर्किट का भी विकास होगा। इसमें विंध्यवासिनी देवी, अष्टभुजा से लेते हुए देवीपाटन, नैमिषारण्य, मां ललिता देवी, मां ज्वाला देवी, शाकुम्भरी देवी सहारनपुर से शिवानी देवी चित्रकूट और शीतला माता मऊ तक विस्तार होगा।

वाइल्डलाइफ और इको टूरिज्म का होगा विकास

एके शर्मा ने बताया कि इसी तरह वाइल्डलाइफ और इको टूरिज्म को एक साथ रखते हुए इसमें सैंचुरी और फॉरेस्ट रिजर्व को विकसित किया जाएगा। इनके तहत हमारे जो प्राकृतिक स्थल हैं, उनको विकसित किया जाएगा। इस प्रस्ताव के तहत प्रदेश में ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां पर इको टूरिज्म की संभावनाएं हैं। वहीं वाइल्डलाइफ से जुड़े क्षेत्रों को भी पर्यटन के लिहाज से विकसित करते हुए यहां पर्यटकों के अनुकूल सुविधाओं में इजाफा किए जाने का प्रस्ताव है।

अध्यात्म को भी पर्यटन से जोड़ने का प्रस्ताव

आध्यात्मिक स्थलों को भी पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना है। इसके तहत आध्यात्मिक सर्किट बनाया जा रहा है। इसमें गोरखपुर, बलरामपुर से लेकर मथुरा, संत रविदास स्थल, मां परमेश्वरी देवी आजमगढ़, बलिया का बिघू आश्रम, आगरा का बटेश्वर, हनुमान धाम शाहजहांपुर को सम्मिलित किया गया है। कुछ इसी तर्ज पर सूफी कबीर सर्किट भी विकसित करने का विचार है। इसमें अमेठी, मगहर, संत कबीरनगर से लेकर कबीरदास की कर्मभूमि वाराणसी के लहरतारा तक ले जाने का प्रस्ताव है। वहीं, जैन सर्किट में देवगढ़, हस्तिनापुर से लेकर पार्श्वनाथ, दिगंबर जैन मंदिर रामनगर तक ले जाने का प्रस्ताव है।

कैबिनेट बैठक में हुए 8 बड़े फैसलों के बारे में बताते हैं

1- संभल में बनेगा स्टेडियम, 5 दिसंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र

कैबिनेट बैठक के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि संभल में स्टेडियम बनाने की भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि शीत कालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरु होगा। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की तीन वाहिनी के वाहनों की व्यवस्था की गई है। जिसमें 244 नए वाहन खरीदे जाएंगे। पुराने वाहनों को नीलाम किया जाएगा।

2 -गाजियाबाद और मेरठ में निजी विश्वविद्यालय खुलेंगे

2 निजी विश्वविद्यालय का प्रस्ताव पास किया गया है। इसमें पहला HRIT गाजियाबाद और दूसरा महावीर विश्वविद्यालय मेरठ है। संजय गांधी स्नातकोत्तर विश्वविद्यालय में क्रिटिकल केयर के 12 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। अब तक क्रिटिकल केयर के 20 बेड हैं। इसके बाद क्रिटिकल केयर के 32 बेड हो जाएंगे।

3- रामपुर और सहारनपुर में एटीएस मुख्यालय की जमीन पर लगी मुहर

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सरकार से आए हुए प्रावधानों में 79 में से 74 फायर सेफ्टी धाराओं को स्वीकार किया है। रामपुर और सहारनपुर में एटीएस मुख्यालय के लिए जमीन दी गई है। एटीएस के लिए सहारनपुर में सिंचाई विभाग 28 एकड़ की जमीन दे रहा है। वहां जल्द काम शुरू हो जाएगा।

4- ट्रेनी जज का कार्यकाल अब 2 साल का होगा

हाई कोर्ट के ट्रेनी जज के कार्यकाल को 1 साल से बढ़ाकर 2 साल कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक प्रतिमान नीति में संशोधन किया गया। इसके तहत 40 हजार करोड़ का निवेश किया जाएगा। राज्य में तीन उत्कृष्टता केंद्र बनाए जाएंगे। 4 लाख रोजगार भी दिए जाएंगे।

5- सोलर प्लांट के लिए SC-ST किसानों को 100% छूट

घर पर लगने वाले सोलर रूफटॉप पर भी छूट दी जाएगी। शिक्षण संस्थाओं को सब्सिडी दी जाएगी। किसानों को नई ऊर्जा नीति से फायदा दिया जा रहा है। अनुसूचित जनजाति के किसानों सोलर प्लांट को 100% छूट देंगे। अन्य किसानों को 90% की छूट दी जाएगी।

6- ऊर्जा के क्षेत्र में 30 हजार नई जॉब के लिए 7700 करोड़ खर्च होंगे

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सोलर पार्क बनाने के लिए सरकारी भूमि को 1 रुपए प्रति एकड़ की लीज पर दिया जाएगा। सभी नगर निगम को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने का भी काम किया जाएगा। जिसमें अयोध्या पर हमारा विशेष ध्यान है। सूर्य वित्त योजना के तहत 30 हजार नई जॉब दी जा रही है। इसमें करीब 7700 करोड़ खर्च होंगे।

7- पीजीआई के क्रिटिकल केयर यूनिट में बढ़ेंगे 12 बेड

संजय गांधी स्नात्कोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए 12 अतिरिक्त बेड बढाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इस बात की आवश्यकता महसूस की जा रही थी कि जो सीरियस पेशेंट हैं, जिन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट की जरूरत होती है उन्हें यह सुविधा प्रदान की जा सके।

अभी तक क्रिटिकल केयर यूनिट में कुल 20 बेड क्रियाशील हैं। अब यह संख्या 32 हो जाएगी। इसके चलते गंभीर मरीजों को अब प्रतीक्षा सूची में नहीं रहना होगा। कैबिनेट बैठक में 2 निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना का प्रस्ताव भी पास हुआ है। एचआईटी गाजियाबाद एवं महावीर विश्वविद्यालय मेरठ को आशय पत्र जारी किया गया है।

8- पर्यटन से जुड़ेंगी 22 तरह की एक्टिविटीज

इस कड़ी में पर्यटन से जुड़ी कई गतिविधियों को जो अब तक पर्यटन की व्याख्या में नहीं आती थीं, उन्हें सम्मिलित किया गया है। इनमें बजट होटल, हेरिटेज होटल, स्टार होटल, हेरिटेज होम स्टे, इको टूरिज्म की इकाइयां, कारवां टूरिज्म यूनिट, प्रदर्शनी, पिलग्रिम डॉर्मेट्री, धर्मशालाएं, वेलनेस रिसॉर्ट, आल वेदर सीजनल कैंप, जलाशय-झील, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म जैसी कुल 22 एक्टिविटीज को नई नीति में जगह दी गई है।


comments