बिल गेट्स फिर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

By: Dilip Kumar
3/21/2017 9:50:50 AM
नई दिल्ली

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार चौथे साल दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। ‘फोर्ब्स’ की ओर से जारी सूची में गेट्स टॉप पर हैं, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नीचे खिसके हैं। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय हैं। ‘फोर्ब्स’ की सूची में गेट्स की संपत्ति 86 अरब डॉलर आंकी गई है। लेकिन इसमें ट्रंप को काफी नुकसान हुआ है और वे इस सूची में 220वें स्थान से फिसलकर 544वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

गेट्स के बाद दूसरे स्थान पर बर्कशायर हैथवे के प्रमुख वारेन बफेट हैं, जिनकी संपत्ति 75.6 अरब डॉलर आंकी गई है। शीर्ष 10 की सूची में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजॉस तीसरे, फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग पांचवें और ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन सातवें स्थान पर रहे हैं। ‘फोर्ब्स’ ने कहा कि दुनिया में अरबपतियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह संख्या बढ़कर 2,043 हो गई है।

पत्रिका की ओर से सूची प्रकाशन के 31 सालों के इतिहास में यह सबसे बड़ी वार्षिक छलांग है। इस सूची में शामिल अरबपतियों में सबसे ज्यादा अमेरिका से हैं। 565 अरबपति अमेरिका से, 319 चीन और 114 जर्मनी से हैं। ट्रंप भी इस सूची में शामिल हैं, उनकी संपत्ति 3.5 अरब डॉलर आंकी गई है।


comments