विस्टाडोम कोच , बदल गया भारतीय रेल का रंग रुप

By: Dilip Kumar
4/17/2017 5:16:24 PM
नई दिल्ली

रेलवे ने देश में पहली बार ट्रेन में एक विस्टाडोम कोच पेश किया है। रविवार को विशाखापत्तनम-किरांदुल ट्रेन में यह कोच लगाया गया। इस कोच से बाहर का नजारा देखा जा सकता है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने भुवनेश्वर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ट्रेन को रवाना किया। विस्टाडोम कोच वातानुकूलित है और इसे खासतौर पर डिजाइन किया गया है।

इसके बारे में यह दावा किया जा रहा है कि यह भारतीय रेलवे में अपनी तरह का पहला है। इसमें शीशे की बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं और एक अवलोकन लांज है। 3.38 करोड़ रुपये की लागत से बना 40 सीट वाले कोच की खासियत यह है कि इसमें लगी सीटें 360 डिग्री तक घूम सकती हैं। इस कोच की छत पर भी कांच लगा है।

इसके दरवाजे स्वत: सरकने वाले हैं। इस कोच से यात्री विशाखापत्तनम से अराकूघाटी पर्वत स्टेशन के बीच के 128 किलोमीटर लंबे रास्ते का शानदार नजारा देख सकते हैं। इस मौके पर प्रभु ने कहा कि विस्टाडोम कोच को देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शामिल किया जा रहा है। विस्टाडोम कोच की सीटें रोटेटेबल होंगे यानी आप उन्‍हें अपनी इच्छानुसार घुमा सकेंगे। सीटों का रंग शताब्‍दी जैसी ट्रेनों के जैसा रखा गया है। कोच के भीतर एलईडी लाइट्स उजाला करेंगी।

विस्‍टाडोम कोचेज में मनोरंजन का भी इंतजाम होगा। इनमें ऑब्जर्वेशन लाउंज होगा जहां से बाहर का खूबसूरत नजारा लिया जा सकेगा। इसके अलावा इंफोटेनमेंट सिस्‍टम है जिसमें आप फिल्में देख पाएंगे।

 


comments