विश्व बैडमिंटन चैंंपियनशिप : सिंधु, साइना, श्रीकांत स्वर्ण के दावेदार

By: Dilip Kumar
8/21/2017 12:40:55 AM
नई दिल्ली

दो बार की कांस्य पदक विजेता पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और शानदार फॉर्म में चल रहे किदांबी श्रीकांत सोमवार से शुरु हो रही विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार होंगे। चैंपियनशिप मेंं 21 सदस्यीय भारतीय टीम हिस्सा ले रही हैं। ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधु 2016 चाइना ओपन और 2017 इंडिया ओपन जीत चुकी हैं। इसके अलावा 2013 और 2014 में उन्होंने कांस्य पदक जीता था और अब उनकी निगाहें स्वर्ण पदक पर हैं। 2015 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता साइना नेहवाल भी स्वर्ण के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।

''यह शायद सबसे मजबूत टीम है। पुरुष खिलाड़ी अभी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और पदक दावेदारों में शामिल चार भारतीय काफी अच्छे हैं। उनमें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को मात देने की काबिलियत है। इन दिनों कोई भी प्रबल दावेदार नहीं है और हम अपने खिलाड़ियों से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं।'' - पुलेला गोपीचंद, राष्ट्रीय कोच

दिलचस्प बात है कि साइना और सिंधु को शुरुआती दौर में बाय मिला है। सिंधु दूसरे दौर में कोरिया की किम हयो मिन और मिस्र की हादिया होस्नी के विजेता के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत चीन की सुन यु से हो सकती है। वहीं साइना का सामना स्विट्जरलैंड की सबरीना जाकेट और यूक्रेन की नताल्या वोयेतसेख के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।

पुरुष वर्ग में देश की उम्मीदें किदाम्बी श्रीकांत से है। इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया में लगातार खिताब जीतने के बाद श्रीकांत शानदार फॉर्म में हैं और वे अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगे। श्रीकांत पहले दौर में रूस के सर्गेई सीरेंट से खेलेंगे। थाइलैंड ग्रां प्रि गोल्ड विजेता बी. साई प्रणीत पहले दौर में हांगकांग के वेई नान और अजय जयराम पहले राउंड में ऑस्ट्रिया के लुका रैबर से भिड़ेंगे। धार मध्यप्रदेश के समीर वर्मा पहली बार विश्व चैंपियनशिप में खेलेंगे। पहले दौर में उनका मुकाबला स्पेन के पाब्लो अबियान से होगा।

इसके अलावा राष्ट्रीय चैंपियन रितुपर्णा दास, तन्वी लाड, मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी भी नजर आएंगे।युगल वर्ग में अश्विनी पोनप्पा व सिक्की रेड्डी, जे. मेघना व पूर्विशा एस.राम, संजना संतोष व अराथी सारा सुनील, चिराग सेन व सत्विक साईराज रैंकीरेड्डी, अर्जुन एमआर व रामचंद्रन श्लोक, सुमित व अश्विनी पोनप्पा, प्रणव जेरी चोपड़ा व एन सिक्की रेड्डी और सत्विक और मनीषा की जोड़ी भी नजर आएंगी।

 


comments