'10 दिन में कोई पाटीदार बनेगा गुजरात का मुख्यमंत्री'

By: Dilip Kumar
6/14/2018 7:09:50 PM
नई दिल्ली

पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने गुरुवार को राजकोट में दावा किया कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से इस्तीफा ले लिया गया है और अगले 10 दिन में कोई पाटीदार या क्षत्रिय ही राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालेगा। वहीं, गांधीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान में भाग लेने गए मुख्यमंत्री रूपाणी से जब मीडिया ने सवाल किए तो उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने का कोई सवाल ही नहीं उठता। हार्दिक मीडिया में झूठ और अफवाह फैला रहे हैं।

गांधीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान रूपाणी ने कहा, "इस्तीफा देने का कोई सवाल ही नहीं उठता। मैं अपने पांच साल का कार्यकाल बतौर मुख्यमंत्री पूरा करूंगा। हार्दिक मीडिया में झूठ फैला रहे हैं। अगर उन्हें इस्तीफा देने की प्रक्रिया पता हो तो मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन में राज्यपाल को सौंपता है, ना कि किसी कैबिनेट मीटिंग में।" नितिन पटेल ने कहा, "हमारे मुख्यमंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया है। यह विपक्ष की देन है। विपक्ष विवाद बढ़ाने के लिए ऐसी अफवाहों को फैला रहा है। खबर यह भी है कि नितिन पटेल अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली चले गए हैं।"

रूपाणी 2014 में पहली बार राजकोट पश्चिम से विधायक बने, आनंदीबेन पटेल के मंत्रिमंडल में वे कैबिनेट मंत्री बने। फरवरी 2016 में उन्हें गुजरात भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। अगस्त 2016 में वे पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। 2017 में उन्होंने दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।


comments