हरियाणा : मोदी आंधी में उड़े कांग्रेस के सभी दिग्गज

By: Dilip Kumar
5/23/2019 9:34:45 PM
नई दिल्ली

भाजपा राज्य की सभी दस लोकसभा सीटों पर प्रचंड बहुमत से कमल खिलाने में कामयाब रही। रोहतक लोकसभा सीट पर भाजपा को जीत में थोड़ी मुश्किल आई, लेकिन बाकी सीटों पर मोदी के नाम की आंधी में कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के उम्मीदवार भाजपा के आसपास भी नहीं ठहर सके। भाजपा रोहतक, हिसार और सिरसा में आज तक कमल नहीं खिला सकी थी, लेकिन इस बार उसने इन तीनों सीटों पर दमदार जीत हासिल कर हुड्डा, चौटाला और भजनलाल के गढ़ भेदने में सफलता हासिल की।

हरियाणा में सिर्फ और सिर्फ मोदी फैक्टर चला। दस साल तक सूबे के मुख्यमंत्री रहे चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत में और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक में चुनाव हार गए। आठ लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि पांच निवर्तमान सांसदों ने अपनी खुद की जीत का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।

कांग्रेस के तमाम दिग्गज कु. सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, चौ. निर्मल सिंह, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी और पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना लोकसभा चुनाव हार गए। दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अरविंद शर्मा के बीच रोहतक में कांटे की टक्कर आखिर तक चली, लेकिन आखिर में दीपेंद्र 2869 मतों के मामूली अंतर से हार गए।

इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला समेत पार्टी के तमाम उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। अर्जुन चौटाला कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ रहे थे। जननायक जनता पार्टी के हिसार से निवर्तमान सांसद दुष्यंत चौटाला भी चुनाव हार गए। जजपा-आप गठबंधन में दुष्यंत एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिनकी जमानत बच पाई है।

दोनों केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत व कृष्णपाल गुर्जर समेत भाजपा के पांचों निवर्तमान सांसद चुनाव जीतने में कामयाब रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सोनीपत में भाजपा के दूसरी बार सांसद बने रमेश कौशिक ने एक लाख 62 हजार 759 मतों के अंतर से चुनाव हरा दिया। हुड्डा की हार भाजपा के लिए बड़ी सफलता है।

अंबाला में कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कु. सैलजा भाजपा के तीसरी बार सांसद बने रतनलाल कटारिया से तीन लाख 38 हजार 497 मतों के अंतर से चुनाव हार गई हैं। गांधी परिवार की करीबी सैलजा केंद्रीय मंत्री भी रही हैं और पार्टी का बड़ा चेहरा हैं। सिरसा में कांग्रेस के प्रदेश प्रधान डा. अशोक तंवर भाजपा की सुनीता दुग्गल से तीन लाख नौ हजार 918 मतों के अंतर से चुनाव हार गए। सुनीता दुग्गल भाजपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ी और जीत गई। उन्होंने रतिया से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन चार सौ मतों के मामूली अंतर से पराजित हो गई थी। उनके पति राजेश दुग्गल आइपीएस अधिकारी हैं और खुद सुनीता ने आइआरएस अधिकारी के पद से वीआरएस ले रखी है। सिरसा में इनेलो के निवर्तमान सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी भी चुनाव हार गए हैं।

भिवानी-महेंद्रगढ़ में पूर्व सीएम बंसीलाल की पौत्री एवं कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी भाजपा के धर्मबीर सिंह से चार लाख 35 हजार 262 मतों के भारी अंतर से चुनाव हारी हैं। धर्मबीर भिवानी से लगातार दूसरी बार सांसद बने हैं। फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना और आप-जजपा गठबंधन के नवीन जयहिंद से छह लाख 17 हजार 909 मतों के अंतर से चुनाव जीते हैं। गुर्जर पिछले 2014 के चुनाव में चार लाख 66 हजार 873 मतों के अंतर से जीते थे। इस बार उन्होंने खुद अपना रिकार्ड तोड़ा है।

हिसार में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के आइएएस बेटे बृजेंद्र सिंह चुनाव जीत गए हैं। यह उनका पहला चुनाव था। बृजेंद्र सिंह ने यहां जजपा के निवर्तमान सांसद दुष्यंत चौटाला और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को तीन लाख 11 हजार 526 मतों के भारी अंतर से चुनाव हराया है।

करनाल में भाजपा के संजय भाटिया छह लाख 54 हजार 269 मतों के भारी अंतर से चुनाव जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा को बुरी तरह से पराजित किया है। भाटिया मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वासपात्र हैं। कुरुक्षेत्र में मनोहर सरकार में राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन सिंह चौटाला को तीन लाख 84 हजार 591 मतों के भारी अंतर से चुनाव हराया है।

 


comments