तीरंदाजी में भारतीय महिला टीम को पहला रजत पदक, पुरुष टीम ने भी सिल्वर जीता

By: Dilip Kumar
8/28/2018 1:24:02 PM
नई दिल्ली

भारत ने 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन महिला और पुरुष तीरंदाजी की कम्पाउंड स्पर्धा में 2 रजत पदक जीते। महिला टीम को कोरिया ने 231-228 से हराया। वहीं, पुरुष स्पर्धा के फाइनल का फैसला शूटआउट में हुआ। दोनों स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक कोरिया के खाते में गए। एशियाड में महिला टीम ने पहली बार रजत पदक जीता। इससे पहले 2010 ग्वांगझू में भारत ने महिला टीम रिकर्व स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था। एशियाड में अब तक भारत के 43 पदक हो गए हैं।

भारतीय महिला टीम ने कम्पाउंड स्पर्धा में शुरुआत बेहतर की। पहले राउंड में 59 का स्कोर किया। कोरियाई तीरंदाज 57 अंक ही ले पाए। हालांकि, दूसरे राउंड में कोरिया की टीम हावी रही और 58-56 से इसे अपने नाम किया। तीसरे राउंड में दोनों टीमों ने 58-58 का स्कोर किया। इस समय तक लग रहा था कि भारत स्वर्ण पदक जीत सकता है, लेकिन फाइनल राउंड में भारतीय टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई और टीम को 55 अंक ही मिले। कोरियाई तीरंदाजों ने 58 का स्कोर कर स्वर्ण पदक जीत लिया।

हॉकी में बढ़त की उम्मीद: दसवें दिन हॉकी में भारतीय पुरुष टीम पूल ए में अपना आखिरी मुकाबला खेलेगी। उसके सामने श्रीलंका की टीम होगी। भारत ने इससे पहले अपने सभी मुकाबले जीते हैं। इस टूर्नामेंट में हॉन्गकॉन्ग को 25-0 के रिकॉर्ड अंतर से हराया था। उधर, बॉक्सिंग महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सोनिया लाठेर और पवित्रा रिंग में होंगी। 57 किलोग्राम भार वर्ग में सोनिया का मुकाबला कोरिया की जो सोन से होगा। वहीं, 60 किलोग्राम भार वर्ग में पवित्रा के सामने इंडोनेशिया की हसना हुसवातुन होंगी। तीरंदाजी टीम के जीतने पर केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ट्वीट कर बधाई दी। 

टेबल टेनिस में पुरुष टीम पर सबकी नजर : टेबल टेनिस के पुरुष टीम इवेंट में भारत अपना सेमीफाइनल मैच खेलेगा। हालांकि, अब तक उसके प्रतिद्वंदी का नाम तय नहीं हो सका है। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबला भी आज ही होगा। भारतीय पुरुष टीम खिताबी मुकाबले में अपना स्थान पक्का करना चाहेगी। दूसरी ओर डाइविंग के फाइनल में भारत के रामनंद शर्मा और सिद्धार्थ बजरंग देश को मेडल दिलाना चाहेंगे।

एथलेटिक्स में पदक की उम्मीद : महिला जेवलिन थ्रो में भारत की अनु रानी अपनी दावेदारी पेश करेंगी। उनसे पहले पुरुष वर्ग में नीरज चोपड़ा ने देश को स्वर्ण पदक जिताया था। पुरुष 800 मीटर दौड़ में भारत के जिन्सन जॉनसन और मंजीत सिंह ट्रैक पर होंगे। वहीं, महिला 5 हजार मीटर दौड़ में सूर्या लोंगनाथन और संजीवनी बाबूराव चुनौती पेश करेंगी।


comments