मोदी से बड़ा कोई एनाकोंडा नहीं : आंध्रप्रदेश सरकार में वित्त मंत्री

By: Dilip Kumar
11/4/2018 7:28:06 PM
नई दिल्ली

आंध्रप्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार में वित्त मंत्री यनामाला राम कृष्णुडू ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना एनाकोंडा से की। उन्होंने कहा कि मोदी से बड़ा एनाकोंडा कौन हो सकता है? वह खुद एनाकोंडा की तरह सीबीआई और आरबीआई जैसे संस्थाओं को निगल रहे हैं। तेलुगु देशम पार्टी के नेता के बयान पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आज मोदीजी को अशब्द कहने की प्रतियोगिता चल रही है।

भाजपा ने तेदेपा के कांग्रेस से हाथ मिलाने की आलोचना की थी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू को भ्रष्टाचार का सरदार बताया था। कहा था कि तेदेपा सत्ता के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। दो दिन पहले दिल्ली में तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की थी। तब कांग्रेस-तेदेपा ने गठबंधन और साथ काम करने की बात कही थी। राहुल और नायडू ने लोकतंत्र और देश को बचाने की बात कही थी।

कृष्णुडू ने तेदेपा की आलोचना पर कहा कि आजकल टॉम, डिक और हैरी भूतकाल की राजनीति की चर्चा कर रहे हैं। भूतकाल वर्तमान या भविष्य नहीं हो सकता, लेकिन वर्तमान और भविष्य आगे भूतकाल होंगे। तेदेपा के आलोचकों को यह समझना चाहिए। हमारी पार्टी किसी खास दल के विरोध में स्थापित नहीं हुई थी, बल्कि व्यवस्था से लड़ने के लिए इसकी शुरुआत की गई।


comments