खराब रोशनी के कारण चौथे दिन का खेल खत्म, यहां जानिए स्कोर

By: Dilip Kumar
1/6/2019 12:28:35 PM
नई दिल्ली

भारत के खिलाफ चार मैच की सीरीज के आखिरी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 300 रन बनाए। वह पहली पारी के आधार पर भारत से 322 रन पीछे है, इसलिए भारत ने उसे फॉलोऑन दिया। अब उसे पारी से हार से बचने के लिए कम से कम 323 रन बनाने होंगे। मैच में अभी एक दिन का खेल और बाकी है। भारत इस सीरीज में 2-1 से आगे है।

पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्क्स हैरिस ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। पीटर हैंड्सकॉम्ब ने भी 37 रन का अहम योगदान दिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 99 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में दूसरी बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। इससे पहले 12 अगस्त 2017 को श्रीलंका के खिलाफ पल्लीकेल में 96 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे।

 

ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर 31 साल बाद किसी टीम ने फॉलोऑन दिया है। इससे पहले 1988 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ही इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन दिया था। हालांकि, ओवरऑल बात करें तो ऑस्ट्रेलिया को 14 साल बाद कोई टीम फॉलोऑन दे पाई है। इससे पहले इंग्लैंड ने 2005 में उसे ट्रेंट ब्रिज में फॉलोऑन दिया था। इस टेस्ट में भारत ने पहली पारी के आधार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 322 रन की बढ़त हासिल की। एशिया के बाहर उसकी यह चौथी सबसे बड़ी लीड है। उसकी सबसे बड़ी 373 रन की लीड 2006 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रास आइलेट के मैदान पर ली थी।

इस मैच में चौथे दिन बारिश के कारण 230 मिनट का खेल नहीं हो पाया। इसी वजह से लंच तक एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। बारिश के चलते तीसरे दिन भी 16.3 ओवर का खेल बर्बाद हो गया था। इस कारण चौथे दिन आधा घंटा खेल पहले शुरू किया जाना था, लेकिन ऐसा नहीं सका। पहले खराब रोशनी के कारण खेल शुरू होने में देरी हुई, फिर बारिश इसके आड़े आ गई। बारिश बंद होने के बाद जब खेल शुरू हुआ तो दूसरे ओवर में ही ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस के रूप में दिन का अपना पहला विकेट गंवा दिया।


comments