आईपीएल : चेन्नई ने लगातार दूसरा मैच जीता, दिल्ली को 6 विकेट से हराया

By: Dilip Kumar
3/27/2019 1:08:09 AM
नई दिल्ली

चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में लगातार दूसरे जीत हासिल की। मंगलवार को फिरोजशाह कोटला स्टेडियम पर खेले गए टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में उसने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया। दिल्ली ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 147 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई ने 19.4 ओवर में 4 विकेट पर 150 रन बनाकर मैच जीत लिया। महेंद्र सिंह धोनी 35 गेंद पर 32 और ड्वेन ब्रावो 3 गेंद पर 4 रन बनाकर नाबाद रहे। आउट होने वाले बल्लेबाज अंबाती रायडू, शेन वाटसन, सुरेश रैना और केदार जाधव रहे।
दिल्ली की ओर से अमित मिश्रा सबसे सफल गेंदबाज रहे।

उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लिए। कगिसो रबाडा और इशांत शर्मा के खाते में 1-1 विकेट आए। शेन वाटसन चेन्नई के हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 26 गेंद पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 44 रन बनाए। वे मैन ऑफ द मैच चुने गए। उनके अलावा सुरेश रैना ने 16 गेंद पर 30 और केदार जाधव ने 34 गेंद पर 27 रन की पारी खेली। ओपनर अंबाती रायडू 5 गेंद पर 5 रन ही बना पाए। मैच के दौरान धोनी जब बल्लेबाजी करने आए तो बेटी जीवा ने भी उनका उत्साहवर्धन किया। चेन्नई के ही खिलाड़ी सुरेश रैना की बेटी ग्रैसिया रैना भी अपने पापा की हौसलाअफजाई करती दिखीं।

महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच में एक छक्का लगाया। उनके आईपीएल में 187 छक्के हो गए हैं। वे इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने। उन्होंने सुरेश रैना को पीछे छोड़ा। रैना और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स दोनों के 186-186 छक्के हैं। ओवरऑल बात करें तो सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले किंग्स इलेवन पंजाब के क्रिस गेल टॉप पर हैं। वे अब तक 296 छक्के लगा चुके हैं।


comments