ऑस्ट्रेलिया की बांग्लादेश पर लगातार 13वीं जीत

By: Dilip Kumar
6/21/2019 6:33:50 PM
नई दिल्ली

वर्ल्ड कप के 26वें मैच में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 48 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गया। उसके 6 मैच में 10 अंक हो गए। उसने न्यूजीलैंड (9 अंक) और इंग्लैंड (8 अंक) को पीछे छोड़ा। बांग्लादेश के खिलाफ यह उसकी लगातार 13वीं जीत है। उसे पिछली हार जून 2005 में इंग्लैंड के मैदान पर मिली थी। ऑस्ट्रेलिया ने पहले 50 ओवर में 5 विकेट पर 381 रन बनाए। बांग्लादेश की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 333 रन ही बना सकी।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर ने 166 रन की पारी खेली। इस वर्ल्ड कप में यह उनका दूसरा शतक है। उन्होंने 147 गेंद की पारी में 14 चौके और 5 छक्के लगाए। उस्मान ख्वाजा ने 89 रन बनाए। सौम्य सरकार ने 3 विकेट लिए। बांग्लादेश के लिए मुशफिकुर रहीम ने नाबाद 102 रन बनाए। यह वर्ल्ड कप में उनका पहला शतक है। महमूदुल्लाह ने 69 और तमीम इकबाल ने 62 रन बनाए। इस वर्ल्ड कप में दो शतक लगा चुके शाकिब अल हसन 41 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिशेल स्टार्क, नाथन कूल्टर नाइल और मार्क्स स्टोइनिस ने 2-2 विकेट लिए।


comments