हिमाचल में रिकॉर्डतोड़ मतदान, कड़ी सुरक्षा के बीच रिकॉर्ड 75 फीसदी मतदान

By: Dilip Kumar
11/10/2017 12:41:14 AM
नई दिल्ली

हिमाचल में 13वीं विधानसभा के गठन के लिए गुरुवार को रिकॉर्डतोड़ मतदान हुआ। प्रदेशभर में 75 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर नया कीर्तिमान रच दिया। पिछली बार विधानसभा चुनाव में 73.92 फीसद से थोड़ा अधिक है। इससे पहले सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड 2003 के दौरान विधानसभा चुनाव में 74.51 फीसद रहा था। 68 सीटों के लिए वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार जिलावार सर्वाधिक मतदान सिरमौर में लगभग 82 फीसद दर्ज किया गया जबकि सबसे कम मतदान हमीरपुर जिले में लगभग 69.5 फीसद रहा।

शिमला में यह 72.5 फीसद रहा। हलकों के हिसाब से सर्वाधिक मतदान सोलन जिले के दून हलके में 88.95 फीसद मतदान हुआ, जबकि सबसे कम मत कांगड़ा के जयसिंहपुर हलके में 63.91 फीसद पड़े। प्रदेशभर में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मंडी के संधोल में 539 में से सिर्फ एक व्यक्ति ने मतदान किया। मांगें पूरी न होने पर लोगों ने चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। चंबा के भोटन में 182 में से सिर्फ चार लोगों ने मतदान किया। दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र हिक्कम में 84 फीसद मतदान दर्ज किया गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सभी 68 सीटों पर शाम पांच बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से 74 फीसद मतदान हुआ। 2012 में भी करीब 74 फीसद मतदान हुआ था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत के अनुसार, अभी कई स्थानों पर मतदान हो रहा है। मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है। प्रदेश में इस बार कुल 29.88 लाख मतदाताओं ने मतदान किया। 337 उम्मीदवार ने चुनाव लड़ा।

प्रदेश में चार बजे तक 64.8, दो बजे तक 54.9 और 12 बजे तक 28.6 फीसद मतदान हुआ। जबकि पहले दो घंटे में सुबह दस बजे तक 13.72 फीसद मतदान हुआ। प्रदेश में चंबा में सर्वाधिक 74 फीसद मतदान हुआ है। हमीरपुर में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल, उनके बेटे व हमीरपुर के भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने वोट डाला। वहीं, वीरभद्र सिंह और उनके पुत्र विक्रमादित्य ने शिमला में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता विद्या स्टोक्स ने शिमला के बारुबाग में मतदान किया।

देश के प्रथम मतदाता किन्नौर जिला के कल्पा गांव की श्याम सरन नेगी ने रेड कारपेट पर चलकर सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदान किया। मतदान से पूर्व उनका भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बिलासपुर में परिवार सहित मतदान किया। उनके मुताबिक, मतदान को लेकर भाजपा में भारी जोश है। जनता इस बार कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी, जनता को कुशासन से मुक्ति मिलेगी।

समीरपुर में बर्फी देवी ने अपना वोट डाला। शिमला के रामपुर में लोगों ने अपना वोट डाला। मंडी में पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम ने मतदान किया। धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने मतदान किया। स्वास्थ्य मंत्री क़ौल सिंह ठाकुर ने द्रंग में मतदान किया। कांगड़ा जिला के अति दुर्गम बड़ाभंगाल में 71 में से 70 ने मतदान किया।

हमीरपुर में भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र ठाकुर परिवार सहित मतदान किया। नाचन हलके से भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार ने भी मतदान किया। प्रदेश में कई जगहों पर ईवीएम की खराबी की शिकायतें मिलीं। जिला मंडी में 45 वीवीपैट 18 बैलट यूनिट, 8 कंट्रोल यूनिट खराब हुए हैं। मनाली विधानसभा क्षेत्र के बाशिंग गांव में दूल्हा और दुल्हन ने शादी से पहले न केवल अपना मतदान किया बल्कि अपने सारे परिवार व रिश्तदारों को मतदान के लिए प्रेरित किया। 101 साल की बुजुर्ग वोटर सरस्वती शर्मा ने मनाली के बरान पोलिंग बूथ पर मताधिकार का प्रयोग किया। हिमाचल में 50 लाख से अधिक मतदाताओं ने 337 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। पहले यह संख्या 338 थी, लेकिन बड़सर से एक प्रत्याशी की मौत हो चुकी है। प्रदेश में पहली बार सभी सीटों पर वोटर वेरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रोल (वीवीपैट) मशीनों का उपयोग हुआ।

बीजेपी का दावा, 'हिमाचल में 60 सीटें होंगी हासिल, कांग्रेस को नहीं मिलेंगी 8 से ज्यादा सीट'

हिमाचल प्रदेश चुनावों के लिए वोटिंग की जा चुकी है। सभी प्रत्याशियों को मतदाताओं पर भरोसा है। इस बीच बीजेपी के मीडिया सेल चीफ अनिल बलूनी ने दावा किया है कि बीजेपी को 60 सीटें हासिल होंगी। मतदान पूरा होने के बाद बलूनी ने कहा, 'राज्य के लोग कह रहे हैं- बीजेपी 60 में, बाकी सब 8 में। इसका मतलब कांग्रेस को एक अंक में ही सीटें हासिल होंगी।' उनसे पहले बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा था कि लोगों ने अब कांग्रेस से छुटकारा पाने की सोच ली है। उन्होंने कहा था कि राज्य को प्रेम कुमार धूमल जैसे नेता की जरूरत है। बीजेपी से सीएम पद के उम्मीदवार धूमल ने भी 60 सीटें पार्टी के नाम होने की उम्मीद जताई थी।

कांग्रेस की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार वीरभद्र सिंह ने पूर्ण बहुमत मिलने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा था कि अगली सरकार कांग्रेस की ही होगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों के लिए शाम पांच बजे तक 4 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2014 लोकसभा चुनावों में 64.45 प्रतिशत वोटिंग हुई थी जबकि 2012 विधानसभा चुनावों में 73.51 प्रतिशत वोट पड़े थे।


comments