सरकार मराठा समुदाय से बातचीत के लिए तैयार

By: Dilip Kumar
7/25/2018 7:56:55 PM
नई दिल्ली

महाराष्ट्र में मराठा क्रांति मोर्चा की तरफ से मराठा समुदाय के लोगों को नौकरी और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर बुलाए गए बंद की शुरुआत बुधवार को हिंसा, आगजनी और विरोध मार्च के साथ हुई। कार्यकर्ताओं की तरफ से मुंबई में कई जगहों पर निकाले गए मार्च के चलते सड़क यातायात मुंबई, ठाणे, नवीं मुंबई और महाराष्ट्र के कई जगहों पर बुधवार की सुबह बंद रहे।

हालांकि, ट्रेन सेवा अपने नियमित समय से चल रही है और उसकी सुरक्षा व्यवस्था और चाक-चौबंद की दी गई है।करीब 40 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस पर्सनल (आरपीपी) को दादर, सीएसएमटी और 20 को कुर्ला में तैनात किया गया है।
एक दिन पहले मराठा प्रदर्शनकारियों की तरफ से की गई भारी हिंसा और आगजनी के बाद नवीं मुंबई में दुकानें बंद थीं और आटो रिक्शा सड़कों से नदारद थे। हालांकि, स्कूल और कॉलेजों को इस बंद से अलग रखा गया है।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार ने मराठा समुदाय के प्रदर्शन पर संज्ञान लेते हुए कई निर्णय लिए हैं। साथ ही सरकार मराठा समुदाय से बात करने के लिए तैयार है। सरकार ने मराठा समुदाय के आरक्षण के लिए कानून बनाया है लेकिन बॉम्बे हाई कोर्ट ने उस पर रोक लगाई है। मराठा क्रांति मोर्चा ने मुंबई बंद वापस ले लिया है, जबकि ठाणे और नवी मुंबई में बंद जारी रहेगी। केन्द्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मराठियों के आरक्षण की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने शांतिपूर्वक प्रदर्शन की अपील करते हुए कहा कि हम इसे एनडीए के साथ उठाएंगे। घाटकोपर पश्चिम में दुकाने बंद की गई। साथ ही बंद का असर घाटकोपर पूर्व में भी देखने को मिल रहा है।


comments