उत्तर कोरिया ने नहीं रोका परमाणु कार्यक्रम

By: Dilip Kumar
8/5/2018 7:10:47 AM
नई दिल्ली

संयुक्त राष्ट्र ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि उत्तर कोरिया ने अपना परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम नहीं रोका है। सुरक्षा परिषद को भेजी गई 62 पन्ने की रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने कहा है कि प्योंगयांग संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए कोयला, लोहा, समुद्री भोजन और अन्य उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है। इससे किम जोंग उन प्रशासन को लाखों डॉलर राजस्व की आमदनी हो रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया इस साल पेट्रोलियम उत्पादों और कोयले का अवैध रूप से समुद्री जहाजों के जरिये धड़ल्ले से निर्यात करता रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने भारी बहुमत से उस पर इन वस्तुओं का निर्यात करने से प्रतिबंध लगाया था। लेकिन, 40 जहाजों और 130 कंपनियों की मदद से वह इस काम में लगा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि जून में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ सिंगापुर में ऐतिहासिक बैठक के दौरान उत्तर कोरियाई नेता ने परमाणु निरस्त्रीकरण का समझौता किया था। संयुक्त राष्ट्र और अमेरिकी प्रतिबंधों से राहत पाने की उम्मीद में उसने यह समझौता किया था।
हालांकि, ट्रंप कई बार प्योंगयांग को आगाह कर चुके हैं कि यदि उसने परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम खत्म नहीं किया तो उसके खिलाफ प्रतिबंध और कड़े कर दिए जाएंगे।

उत्तर कोरिया द्वारा परमाणु कार्यक्रम नहीं रोकने की रिपोर्ट पर अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने कहा कि सभी देशों को उस पर दबाव बनाए रखना होगा। एक सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने सिंगापुर आए पोंपियो ने कहा कि मैंने सभी देशों से कहा है कि वे प्योंगयांग पर कूटनीतिक और आर्थिक दबाव बरकरार रखें। पूरी दुनिया उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण का लक्ष्य हासिल करना चाहती है। चेयरमैन किम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें उम्मीद है कि इस लक्ष्य को हम हासिल कर लेंगे।

उत्तर कोरिया ने परमाणु निरस्त्रीकरण मामले में अमेरिकी रवैये की आलोचना की है। उत्तर कोरियाई विदेश मंत्री री योंग हो ने कहा कि अमेरिका इसको लेकर अधीरता का परिचय दे रहा है। यह चेतावनी देने वाला रवैया है। इसका मकसद राष्ट्रपति ट्रंप की इच्छा के विपरीत अमेरिका को पुराने दिनों की ओर ले जाना है। उन्होंने कहा कि जून में हुए समझौते के बाद से हमने परमाणु और मिसाइल परीक्षण पर रोक लगा रखी है। इसके अलावा परमाणु परीक्षण स्थल को भी नष्ट कर दिया है।


comments