एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी : भारत ने पाक को 3-1 से हराया

By: Dilip Kumar
10/21/2018 1:23:08 PM
नई दिल्ली

पूर्व चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम ने पांचवें एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में फिर पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज की है। भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराया। उसकी ओर से मनप्रीत सिंह ने 24वें, मनदीप सिंह ने 33वें और दिलप्रीत सिंह ने 42वें मिनट में गोल किए। वहीं, पाकिस्तान के लिए इकलौता गोल इरफान जूनियर ने किया। इरफान जूनियर ने मैच के पहले मिनट में ही गोलकर पाकिस्तान को मुकाबले में 1-0 से आगे कर दिया।

इसके बाद पहले क्वार्टर में भारत ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। दूसरे क्वार्टर के शुरुआती नौ मिनट तक दोनों टीमें गेंद को एक दूसरे के गोलपोस्ट में डालने के लिए संघर्ष करती दिखीं। 24वें मिनट में भारत के मनप्रीत सिंह ने फील्ड गोल किया और स्कोर 1-1 से बराबर किया। तीसरे क्वार्टर में मनदीप ने गोल किया। उन्होंने मैच के 33वें मिनट में दोनों पैरों के बीच से बैक पुश करके यह गोल किया। इसके बाद चौथे क्वार्टर में दिलप्रीत ने ललित उपाध्याय के पास पर गोल किया।


comments