बिहार : बैरगनिया में बम विस्फोट, दो बच्चियां जख्मी

By: Dilip Kumar
8/25/2018 4:21:07 AM
नई दिल्ली

बैरगनिया थाना क्षेत्र के भकुरहर-मूसाचक पथ पर शुक्रवार शाम दो बम फटे। इसकी चपेट में आने से भकुरहर वार्ड 17 निवासी रफीउल्लाह की पुत्री इसमती खातून (9) व वार्ड 18 निवासी वसीउल्लाह खां की पुत्री लाडली खातून (8) गंभीर रूप से जख्मी हो गई। दोनों को बैरगनिया पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बीच बम विस्फोट कर भाग रहे दो युवकों को बैरगनिया पुलिस की गश्ती टीम ने खदेड़ कर दबोच लिया। साथ ही एक टेंपो भी जब्त किया है। दोनों से पूछताछ जारी है। बताया गया कि दोनों बच्चियां आम दिनों की तरह भकुरहर- मूसाचक पथ के किनारे बकरी चरा रही थी।

इसी बीच भकुरहर वार्ड 16 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अब्दुल कादिर के घर से पूरब टेंपो (बीआर 30 पी-9506) पर सवार दो लोग पहुंचे। जब तक लोग कुछ समझते, इससे पहले ही एक के बाद एक कर दो धमाके हुए। इससे अंधेरा छा गया। कुछ देर बाद लोगों ने दोनों बच्चियों को खून से लथपथ पाया। भीड़ देख बदमाश भागने लगे। इसी बीच सुप्पी से चुनाव करा कर लौटे रहे थानाध्यक्ष सुजीत कुमार के साथ पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को दबोचा।

पुलिस दोनों का नाम नहीं बता रही है। मौके से बम के अवशेष मिले हैं। आशंका है कि बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बम फट गया। सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार शर्मा ने पुलिस पर हमले की नीयत से बम फेंकने की आशंका जताई। कहा कि जांच जारी है।


comments