2019 के लिए कांग्रेस मजबूत हुई

By: Dilip Kumar
12/12/2018 3:00:20 PM
नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव 2019  का ऐलान होने में तीन महीने बचे हैं। पिछले एक साल में 5 बड़े राज्य गुजरात, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव हुए हैं। इनमें भाजपा को मिली सीटों के ट्रेंड से 2019 लोकसभा चुनाव में 16 राज्योंं में उसकी स्थिति का आकलन करें, तो पता चलता है कि भाजपा 422 सीटों में से 155 से 165 सीटें ही जीत सकती है। यानी उसे 120 सीटों का नुकसान संभव है। वहीं, कांग्रेस इन राज्यों में गठबंधन कर यहां 145 से 150 सीटें जीत सकती है।

यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा समेत जिन 16 राज्यों के आंकड़ों का आकलन किया है, वहां देश की 422 सीटें आती हैं। यानी 78% सांसद यहीं से आते हैं। इन राज्यों में 2014 में एनडीए को 295 सीटें मिली थीं। इनमें से 266 सांसद भाजपा के हैं, जबकि अन्य 29 सांसद उसके सहयोगी दलों के जीते थे। मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में 65 लोकसभा सीटें हैं। 2014 में भाजपा ने यहां 62 सीटों पर और कांग्रेस ने सिर्फ 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस का राजस्थान, गुजरात में खाता तक नहीं खुला था, जबकि भाजपा ने यहां क्लीनस्वीप किया था। अगर वोटरों का यही मूड रहा तो 2019 में भाजपा इन 62 सीटों में से महज 27 सीटें ही जीत पाएगी। वहीं, कांग्रेस की सीटें 3 से बढ़कर 37 हो जाएंगी।

कांग्रेस गुजरात, पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, असम, ओडिशा, दिल्ली समेत देश के 20 राज्यों में अकेले चुनाव लड़ सकती है। इन राज्यों में 196 लोकसभा सीटें हैं, जबकि वह यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र में गठबंधन कर सकती है। 5 राज्याें के रिजल्ट के बाद अब 2019 के आम चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मोदी सरकार का कार्यकाल 31 मई को खत्म हो रहा। इससे पहले 17वीं लोकसभा का गठन होना है। 90-95 दिन बाद चुनाव की घोषणा हो सकती है।

इन 5 राज्यों के ट्रेंड के जरिए देश के उन 11 राज्यों का भी आकलन करें, जहां 2014 में भाजपा (बिहार, यूपी, महाराष्ट्र एनडीए के घटक भी थे) को 190 यानी 67% सीट मिली थीं। इस ट्रेंड से यहां 2019 में भाजपा को करीब 88 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है।


comments