दुष्‍यंत चौटाला की पार्टी के संगठन का गठन शुरू, निशान सिंह बने प्रदेश प्रधान

By: Dilip Kumar
12/20/2018 6:39:44 PM
नई दिल्ली

सांसद दुष्‍यंत चौटाला के नए दल जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने संगठन के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी की कोर कमेटी ने विचार-विमर्श के बाद पार्टी कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया के प्रथम चरण की शुरूआत कर दी है। कोर कमेटी ने जेजेपी के प्रदेश प्रधान और विभिन्न सेलों के प्रदेश अध्‍यक्षों की घोषणा कर दी है। पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह को पार्टी का प्रदेश प्रधान बनाया गया है।

Image may contain: 1 person, smiling

सरदार निशान सिंह फतेहाबाद जिले की टोहाना सीट से विधायक रह चुके हैं और कई सालों तक इनेलो के जिला प्रधान भी रहे। इसके अलावा उन्होंने इनेलो के किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। हरियाणा महिला आयोग की चेयरमैन रही शीला भ्याण को जेजेपी की महिला विंग का प्रदेश प्रधान बनाया गया है। शीला भ्याण बरवाला विधानसभा से प्रत्याशी रह चुकी हैं और इनेलो के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष भी रही हैं। उनकी देखरेख में प्रदेश में हरी चुनरी की चौपाल के कई सफल कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

Image may contain: 1 person, smiling, close-up

इसके साथ ही अशोक शेरवाल जेजेपी के एससी सेल के प्रदेशाध्यक्ष होंगे। अशोक शेरवाल इससे पहले इनेलो के राष्ट्रीय सचिव व एससी सेल के प्रदेशाध्यक्ष के पद पर काम कर चुके हैं। पोस्ट ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त अशोक शेरवाल इससे पहले बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भर रहे चुके हैं। उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। रोहतक के रविंद्र सांगवान को जेजेपी ने युवाओं की कमान सौंपते हुए उन्हें पार्टी के युवा प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले रविंद्र सांगवान इनेलो के युवा विंग के प्रदेशाध्यक्ष थे। रविंद्र सांगवान ने लंबे समय तक युवाओं को संगठन से जोड़ने का काम किया है।

इंडिया नेशनल स्टूडेंट्स आर्गेनाईजेशन (इनसो) अब जेजेपी की छात्र इकाई के रूप में काम करेगी और पार्टी की कोर कमेटी ने इसके प्रदेशाध्यक्ष पद का कार्यभार फिर से प्रदीप देसवाल को सौंपा है। प्रदीप देसवाल रोहतक के महर्षि दयानंद विश्‍वविद्यालय (एमडीयू) में पीएचडी के रिसर्च स्कॉलर हैं। प्रदेश की छात्र राजनीति में प्रदीप देसवाल लंबे समय से जुड़े हैं और प्रदेश में छात्र संघ के चुनाव करवाने के लिए इनसो द्वारा चलाए गए आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।


comments