महागठबंधन अमीर राजवंशों का बेमेल गठजोड़ : मोदी

By: Dilip Kumar
12/23/2018 6:14:16 PM
नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महागठबंधन पर हमला बोला। उसे नापाक और अस्तित्व बचाने के लिए गठबंधन बताया। पीएम मोदी ने कहा, 'आज कई लोग महागठबंधन की बात कर रहे हैं। महागठबंधन निजी अस्तित्व को बचाने के लिए है। यह विचारधारा आधारित समर्थन नहीं है। गठबंधन सत्ता के लिए है, जनता की सेवा के लिए नहीं है। यह गठबंधन व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के लिए है, लोगों की आकांक्षाओं के लिए नहीं।' पीएम मोदी रविवार को तमिलनाडु में चेन्नई मध्य, चेन्नई उत्तर, मदुरई, तिरुचिरापल्ली और तिरूवल्लुर निर्वाचन क्षेत्रों में बीजेपी के बूथ कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रहे थे।

मोदी ने कहा, "कांग्रेस लोगों में झूठ फैलाने की कोशिश कर रही है। वे (कांग्रेस के नेता) देश की प्रगति के बारे में लोगों को गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। आज देश तेजी से विकास कर रहा है। हमारे प्रयासों के परिणाम आ रहे हैं। एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में यह सामने आया है कि अगले दो दशक में दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाले सभी 10 शहर भारत के होंगे।”

पीएम मोदी ने कहा कि महागठबंधन के कई दलों और नेताओं का कहना है कि वे राम मनोहर लोहिया से प्रेरित हैं, जो स्वयं कांग्रेस विरोधी थे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के कई नेताओं को आपातकाल के दौरान गिरफ्तार और प्रताड़ित किया गया। कांग्रेस के पारिस्थितिकी तंत्र ने किसी को नहीं बख्शा। ज्ञात हो कि हाल में कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी को विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की वकालत करने वाले डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन भी उन नेताओं में से एक थे, जिन्हें इमर्जेंसी के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

प्रधानमंत्री ने कहा, 'जब इन पार्टियों का शासन होता है तो भ्रष्ट और आपराधिक तत्वों का बोलबाला होता है। यह सबको पता है कि कांग्रेस ने किस तरह केसों के जरिए मुलायम जी (मुलायम सिंह यादव) का उत्पीड़न किया। क्या ये पार्टियां डॉक्टर लोहिया के आदर्शों के साथ न्याय कर पाई हैं।' पीएम ने कहा कि 'आप लोग धनाढ्य वंशों के एक बेतुके गठबंधन' को देखेंगे।

 


comments