चुनाव : मध्यप्रदेश में 74.61% वोटिंग

By: Dilip Kumar
11/28/2018 7:54:43 PM
नई दिल्ली

मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों पर बुधवार को 74.61% मतदान हुआ। यह 2013 से करीब 2% ज्यादा है। तब 72.66% वोटिंग हुई थी। प्रदेश के कई शहरों में ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायतें मिलीं। चुनाव आयोग ने बताया कि 1545 खराब ईवीएम को बदला गया। भोपाल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी वीएल कांताराव को खराब ईवीएम के चलते वोट डालने के लिए 20 मिनट इंतजार करना पड़ा।

उधर, मिजोरम की 40 सीटों पर 75% मतदान हुआ। परिणाम 11 दिसंबर को आएंगे। शिवराज और कमलनाथ ने वोट डाला : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पैतृक गांव जैत में वोट डाला। वोट डालने से पहले उन्होंने नर्मदा नदी और कुलदेवी के मंदिर में पूजा की। उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ छिंदवाड़ा के हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा की।

जैत गांव में वोट डालने के बाद शिवराज ने कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव पर तंज कसा। बोले- अरुण मेरे साथी हैं। कांग्रेस में उनके साथ बहुत नाइंसाफी हुई। पहले उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया, इसके बाद चुनाव लड़वाया। वह भी बुधनी से। कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के पोलिंग बूथ पर वोट डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों पर उन्हें पूरा भरोसा है। यहां की जनता मासूम है, जिसे लंबे समय से भाजपा सरकार लूट रही है।

इंदौर के नेहरू नगर स्थित पोलिंग बूथ पर पीठासीन अधिकारी कैलाश पटेल को सुबह दिल का दौरा पड़ा। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कलेक्टर ने उनके परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। गुना में भी एक कर्मचारी की मौत की खबर है।

 


comments