विडोडो फिर चुने गए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति

By: Dilip Kumar
5/21/2019 8:00:53 PM
नई दिल्ली

इंडोनेशिया में मंगलवार को आम चुनाव के नतीजों की घोषणा कर दी गई। देश की जनता ने जोको विडोडो को दोबारा राष्ट्रपति चुना है। विडोडो ने कहा कि जीत की आज पुष्टि हुई। मैं फिर राष्ट्रपति पद की शपथ लूंगा। विपक्ष ने नतीजों में धांधली का आरोप लगाया है। उनके विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी जकार्ता में हजारों सैनिकों की तैनाती कर दी गई है। इंडोनेशिया में गत 17 अप्रैल को एक साथ राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव कराए गए थे। चुनाव आयोग को हालांकि बुधवार को नतीजे जारी करने थे, लेकिन उसने मंगलवार को ही नतीजों का एलान कर दिया।

राष्ट्रपति चुनाव में विडोडो को चुनौती देने वाले प्राबोवो सुबिआंतो ने आगाह किया है कि चुनाव में व्यापक धांधली के उनके दावों की प्रतिक्रिया में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो सकते हैं। रिटायर जनरल सुबिआंतो ने चुनाव नतीजों को मानने से इन्कार करते हुए अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। जबकि उनके सहयोगियों ने कहा कि नतीजों के खिलाफ संवैधानिक अदालत में अपील की जाएगी। दुनिया के इस तीसरे सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश की पुलिस ने पिछले हफ्ते कहा था कि उसने आइएस से जुड़े दर्जनों संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें से कुछ ने चुनाव बाद होने वाले विरोध प्रदर्शनों के दौरान बम धमाके करने की साजिश रची थी। ऐसे में चुनाव आयोग कार्यालय समेत पूरे जकार्ता में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने पर जोको विडोडो को बधाई दी है। मोदी ने ट्वीट में लिखा कि द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए वह विडोडो के साथ काम करने के उत्सुक हैं।


comments