जेपी नड्डा बने BJP के कार्यकारी अध्यक्ष

By: Dilip Kumar
6/17/2019 9:17:46 PM
नई दिल्ली

भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में सोमवार को जे पी नड्डा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर दिसंबर तक बने रहेंगे। इसकी जानकारी रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दी। इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि अमित शाह जी के नेतृत्व में भाजपा ने कई चुनाव जीते हैं, लेकिन जब से पीएम मोदी ने उन्हें गृह मंत्री नियुक्त किया है। इसके बाद अमित शाह जी ने खुद ही कहा कि पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी और को दी जानी चाहिए। भाजपा संसदीय बोर्ड ने जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष चुना है।

अमित शाह के सरकार में शामिल होने के बाद से भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। नए अध्यक्ष के रूप में नड्डा दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही थी। मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाते वक्त उन्हें इससे बाहर रखा गया था, जिससे इस संभावना को और जोर मिल गई। नड्डा मोदी और शाह दोनों के विश्वस्त भी माने जाते हैं और संघ के भी नजदीक हैं। मंत्री रहते हुए भी उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जाती रही है। इससे पहले वह भाजपा संसदीय बोर्ड के सचिव भी थे। वे पिछली सरकार में देश के स्वास्थ्य मंत्री थे।

गौरतलब है कि 2014 लोक चुनाव के दौरान अमित शाह को देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया था। इस दौरान पार्टी ने सूबे में 80 में से 71 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें राजनाथ सिंह की जगह पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया था। इस साल लोकसभा चुनाव में जेपी नड्डा को यूपी का प्रभारी नियुक्त किया गया था, जिसके बाद पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की।

बता दें कि यह बैठक नव निर्वाचित सांसदों के शपथ ग्रहण के बाद हुई। इस बैठक में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सुषमा स्वराज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और थावर चंद गहलोत समेत अन्य नेता मौजूद हैं।


comments