मनोहर लाल ने शुरू की 'जन आशीर्वाद यात्रा'

By: Dilip Kumar
8/18/2019 3:14:46 PM
नई दिल्ली

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने विधानसभा चुनाव से पहले अपनी 'जन आशीर्वाद यात्रा' का आगाज पंचकूला के कालका से किया है। 2100 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के जरिए वो प्रदेश में पार्टी के पक्ष में हवा बनाएंगे। यात्रा से पहले सीएम मनोहरलाल ने माता काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक अरदास भी की। यात्रा को हरी झंडी रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दिखाया।

''हमने 2014 में पहली बार आप सभी के आशीर्वाद से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। 5 साल पहले हमने जो संकल्प लिए थे, जो घोषणाएं की थी कि कैसे एक पारदर्शी सरकार हो, भ्रष्टाचार नष्ट करके मानव जीवन को सुखी व गरीब जनता को उसकी समस्याओं से बाहर निकालने के कार्य किये हैं। हमने पिछली सरकारों के कार्य करने के तरीकों को बदला, पिछली सरकारों का एक अलग उद्देश्य होता था जो हम सब भली भांति जानते हैं जिसको प्राप्त करने के लिए विभिन्न प्रकार के Game वो खेलते थे उनके Aim और Game अलग थे, हमारे Aim और Game अलग हैं।''-हरियाणा के सीएम मनोहर लाल

उनके Aim में राज्य सत्ता को भोगना और भोग करके मैं, मेरा घर, मेरा परिवार, ये कैसे साधन संपन्न हों, कैसे धन के अंबार भरें और उसके लिए चाहे भ्रष्टाचार करना पड़े, चाहे दलाली करना पड़े, कोई भी तरीका, कोई भी Game वो खेलते थे। 

हरियाणा भाजपा ने सत्ता वापसी के लिए कमर कस ली है। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक बार फिर प्रदेश की जनता का आशीर्वाद लेने निकले हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसका नेतृत्व कर रहे हैं। सीएम इस यात्रा के तहत पांच चरणों में 2100 किलोमीटर का सफर तय करते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच सरकार की उपलब्धियों को लेकर जाएंगें और लोगों से एक बार फिर उनकी सेवा करने का आशीर्वाद मांगेंगे। इस यात्रा के मद्देनजर हरियाणा भाजपा ने पूरा खाका तैयार कर लिया है। प्रदेश के सभी मंत्री, विधायकों समेत सभी सांसदों, नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां तय कर दी गई हैं।

तीन-तीन दिन के पांच चरणों के बाद रोहतक में आठ सितम्बर को यात्रा का समापन विशाल रैली के साथ होगा। इस रैली के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी निमंत्रण दिया गया है। मगर अभी उनका समय फाइनल नहीं हुआ है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी डॉ. अनिल जैन, राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया एवं प्रदेश मंत्रिमंडल सदस्य एवं विधायक की मौजूदगी में यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा रोजाना 150 किलोमीटर का सफर करेगी जिसमें औसतन हर रोज 40 कार्यक्रम होंगे। हर दिन यात्रा के साथ हल्के का एक मंत्री भी मौजूद रहेगा। यात्रा में मुख्यमंत्री अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए युवाओं, किसानों और महिलाओं से रूबरू होंगे।

18 अगस्त को कालका से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हो गई है। 19 अगस्त को यमुनगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, 20 अगस्त को कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, 22 अगस्त को करनाल, जींद, पानीपत, 23 अगस्त को पानीपत व सोनीपत, 25 अगस्त को सोनीपत, रोहतक, झज्जर, 27 अगस्त को झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, 28 अगस्त को फरीदाबाद व पलवल, 29 अगस्त को पलवल, नूहं, गुरुग्राम, 31 अगस्त को रेवाड़ी व नारनौल, 1 सितंबर को नारनौल, भिवानी, चरखीदादरी, रोहतक, भिवानी, 2 सितंबर को रोहतक, भिवानी, हिसार, 4 सितंबर को हिसार व जींद, 5 सितंबर को कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद व 6 सितंबर को सिरसा के विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। 08 सितंबर को रोहतक में यात्रा की समापन रैली होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ सकते हैं।


comments