दिल्ली में क्यों सरेंडर करते हैं बदमाश ?

By: Dilip Kumar
8/24/2019 11:07:29 AM
नई दिल्ली

मुन्ना बजरंगी, अनिल दुजाना व सुंदर भाटी समेत कई गैंगों के बदमाशों ने बड़ी वारदातों को अंजाम देने के बाद दिल्ली पुलिस के सामने सरेंडर किया है। यहां तक की कई ने एनकाउंटर के डर से भी सरेंडर किया था। यूपी, बिहार और हरियाणा के दर्जनों बदमाश और बाहुबली विधायक अपने यहां की पुलिस के सामने सरेंडर नहीं करते हैं। इन राज्यों के बाहुबली बदमाश, नेता दिल्ली में ही सरेंडर करने की गणित बिठा लेते हैं। इसमें उनकी दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से अच्छी सेटिंग भी मानी जाती है। पुलिस इन बदमाशों का सरेंडर कराने के बाद समय-समय पर उनका इस्तेमाल करती है। जब वो दिल्ली पुलिस की मदद करते हैं तो बाद में अपना जीवन बचाने के लिए दिल्ली पुलिस की भी मदद लेते हैं। बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर करने के बाद एक बार फिर ये सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों यूपी और बिहार के बाहुबली विधायक, सांसद और बदमाश दिल्ली की अदालतों में ही सरेंडर करना मुनासिब समझते है।

यूपी, बिहार और हरियाणा जैसे राज्यों में हजारों और लाखों के इनाम वाले बदमाश हमेशा ही दिल्ली की अदालतों में सरेंडर करना पसंद करते हैं। दरअसल दिल्ली पुलिस इन तीनों राज्यों में बदमाशों से अपने नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कहीं न कहीं इन बदमाशों के संपर्क में रहती है। कई बार दिल्ली में अपराध करने के बाद बदमाश भागकर इन राज्यों के बाहुबलियों के अड्डे पर ही शरण लेते हैं। तब पुलिस को इनकी मदद की जरुरत पड़ती है। ऐसे मौकों पर बदमाश पुलिस की मदद करते है। इसी वजह से जब बदमाशों को अपनी जिंदगी बचानी होती है या अपने किसी साथी का सरेंडर कराना होता है तो वो दिल्ली पुलिस की मदद लेते हैं। पुलिस वहां आराम से इनका सरेंडर करवा देती है।


comments