प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेसी निकालेंगे गांधी संदेश यात्रा

By: Dilip Kumar
10/1/2019 8:32:21 PM
नई दिल्ली

कांग्रेस की महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर बुधवार को लखनऊ में रहेंगी। वह लखनऊ में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 11 बजे से शहीद स्मारक से गांधी प्रतिमा (जीपीओ पार्क) तक गांधी संदेश यात्रा का नेतृत्व करेंगी। गांधी संदेश यात्रा एक मौन जुलूस के रूप उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मार्च है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हक की आवाज को कुचला नहीं जा सकता। अब हम मौन विरोध करेंगे और भाजपा सरकार की लाठी हमें डरा नहीं सकती। कांग्रेसी राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में गांधी जयंती के दिन लखनऊ में जनाक्रोश पदयात्रा होगी। इसमें प्रदेश भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

प्रियंका गांधी के बुधवार को होने वाले धरना में शामिल होने की पुख्ता जानकारी मिलते ही प्रियंका की सुरक्षा में लगी एसपीजी ने कांग्रेस मुख्यालय से मार्च स्थल तक पड़ताल की। कांग्रेस की यह संदेश यात्रा चिन्मयानंद मामले में छात्रा को न्याय दिलाने के लिए है।  सोमवार को चिन्मयानंद प्रकरण में पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने शाहजहांपुर से लकनऊ तक पैदल मार्च प्रस्तावित किया था। इस पर प्रशासन के रोक लगाने से कांग्रेसी भड़क गए थे।

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी इस समय प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर माहौल बनाने में लगी हैं। सोनभद्र नरसंहार के साथ ही अब शाहजहांपुर में चिन्मयानंद के खिलाफ कांग्रेस ने जो माहौल तैयार किया है, उसी को गति देने प्रियंका गांधी ने एक बार फिर से मोर्चा संभाल लिया है। दो अक्टूबर (बुधवार) को लखनऊ में कांग्रेस का आक्रोश मार्च होगा। इस आक्रोश मार्च में कांग्रेस के सभी विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। स्वामी चिन्मयानंद केस और सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध में यह मार्च निकाला जा रहा है। सरकार के खिलाफ इस प्रदर्शन में अब प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। 


comments