सीएए के विरोध में ममता का शर्मनाक बयान

By: Dilip Kumar
12/19/2019 6:12:33 PM
नई दिल्ली

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सारी सीमाएं लांघ रही हैं। ममता ने कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है तो वह एनआरसी व सीएए पर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की निगरानी में जनमत संग्रह कराए। भाजपा का विरोध करते-करते ममता शायद यह भूल गई हैं कि भारत एक गणराज्य है।

ममता ने वीरवार को कोलकाता में कहा कि आजादी के 73 साल बाद अचानक हमें यह साबित करना होगा कि हम भारतीय नागरिक हैं। भाजपा देश को विभाजित कर रही है। आप विरोध को न रोकें, हमें सीएए रद कराना होगा।  सीएए और एनआरसी के खिलाफ लगातार तृणमूल कांग्रेस का विरोध जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी महानगर के रानी रासमणि रोड में रैली को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा का नाम नहीं लिए बगैर कहा कि यहां हम किसी की दया पर नहीं रहते। सीएए और एनआरसी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में लगातार बीते तीन दिनों से तृणमूल कांग्रेस का विरोध जारी है।

सीएए और एनआरसी के खिलाफ बुधवार को लगातार तीसरे दिन सड़क पर उतरीं मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सबका साथ, सबका विकास की जगह सबका सर्वनाश कर दिया है। ममता ने कहा-'अब आप सिर्फ भाजपा नेता नहीं हैं बल्कि केंद्रीय गृहमंत्री भी हैं। आपसे देश का ध्यान रखने और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने की अपील करूंगी। आपका काम आग बुझाना है। आप यह सुनिश्चित करें कि देश सीएए की आग में न जले।'


comments