बिहार में कोरोना के 73 नए मामलों के साथ 1251 हुआ आंकड़ा
By: Dilip Kumar
5/17/2020 7:56:32 PM
बिहार में अभी तक राज्य में 1251 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। जबकि मृतकाें की संख्या आठ हो चुकी है। उधर, मधुबनी के एक युवक की भी दिल्ली में कोरोना से मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को राज्य में कोरोना संक्रमितों की पहली रिपोर्ट सायं करीब चार बजे जारी की। इसमें 15 नए मामलों की जानकारी दी गई है। इनमें पटना का एक तथा रोहतास के 14 पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। नए मिले मरीजों में रोहतास की छह साल की एक बच्ची भी शामिल है। वहीं दूसरी रिपोर्ट में 58 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं पटना में रविवार एक साथ 58 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें बीएमपी के 21 जवान संक्रमित हैं।
शनिवार को राज्य में कुल 145 रिकार्ड कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। यह किसी एक दिन अभी तक मिले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इसके पहले एक दिन में 130 मरीज मिल चुके हैं। शनिवार को 24 घंटे में कोरोना के 15 मरीजों ने इस महामारी का पराजित भी किया। राज्य में अभी तक 473 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को कोरोना संक्रमित एक और मरीज की मौत भी हो गई। वह मुंबई-सहरसा श्रमिक स्पेशल ट्रेन से सहरसा पहुंचा था। वहां से वह खगडि़या आया था। खगडि़या में सांस लेने में परेशानी की शिकायत पर उसे गगरी रेफरल अस्पताल में भर्ती किया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। इसके साथ राज्य में कोरोना पॉजिटिव मृतकों की संख्या आठ हो गई है।
बिहार में कोरोना संक्रमण की बढ़ी रफ्तार के पीछे प्रवासियों की घर वापसी है। स्वास्थ्स विभाग द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार संक्रमित प्रवासियों में सर्वाधिक 24 फीसद दिल्ली से आए हैं। जबकि, 12 फीसद संक्रमित मामलों के साथ महाराष्ट्र से आए प्रवासी हैं। 11 फीसद मामलों के साथ पश्चिम बंगाल से पहुंचे प्रवासी हैं। पटना में अब तक 163 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें आधे खाजपुरा इलाके के हैं। उस हॉट-स्पॉट को सील कर दिया गया है। पटना के कुल संक्रमितों में अकेले बिहार सैन्य पुलिस बल (बीएमपी) के 45 जवान शामिल हैं।