भारी बारिश से मुंबई बेहाल, BMC का अलर्ट

By: Dilip Kumar
9/23/2020 2:03:20 PM
नई दिल्ली

मुंबई में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गयी है जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। मंगलवार दोपहर से शुरु हुई इस बारिश का असर लोकल ट्रेन व बस सेवा पर भी पड़ा है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने शहर के कई हिस्सों में अत्‍याधिक जलजमाव और भारी वर्षा के बाद आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी प्राइवेट और सरकारी प्रतिष्ठानों के लिए अवकाश घोषित किया है। कमिश्नर ने आदेश दिया है कि यदि आवश्‍यक कार्य न हो तो घरों से बाहर न जायें।  भेंडी बाजार, गोल मंदिर, नाना चौक, मुंबई सेंट्रल जंक्शन, बावला कंपाउंड, जेजे जंक्शन, हिंदमाता, काला चौकी, सारथी बार और वर्ली सी फेस में अत्‍याधिक जल-जमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सभी इलाकों में जल की निकासी के लिए कार्य जारी है।

मुंबई के नायर अस्पताल शहर में भारी बारिश के बाद पानी भर गया है। यह एक COVID-19 अस्पताल है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, मुंबई शहर में पिछले 24 घंटों में 173 मिमी बारिश हुई है। भारी बारिश से जलभराव के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और ठाणे रेलवे स्टेशन के बीच केंद्रीय रेल सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और वाशी के बीच रेलवे लाइन भी बारिश से प्रभावित हुई है। जलभराव के कारण चर्चगेट और अंधेरी रेलवे स्टेशनों के बीच भी ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गयी हैं। अंधेरी और विरार रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं चालू हैं। मुंबई-भुवनेश्वर स्पेशल रात 10 बजे जाएगी। 

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी मुंबई में तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मुंबई में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और यहां तेज बारिश की भी संभावना है। उधर, मंगलवार रात को हुई भारी के कारण लोगों को जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर बारिश का पानी भरने की वजह से लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।


comments