यूपी: विधान परिषद चुनाव के लिए सपा ने घोषित किए उम्मीदवार

By: Dilip Kumar
1/13/2021 2:24:49 PM
नई दिल्ली

यूपी में विधान परिषद चुनाव के लिए पार्टियों में बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। इसी बीच सपा ने अपने दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सपा ने एमएलसी चुनाव के लिए राजेंद्र चौधरी व अहमद हसन को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, भाजपा में भी विधान परिषद उम्मीदवारों के नामों को लेकर मनन-मंथन निर्णायक दौर में पहुंच गया है। 12 सीटों के चुनाव के लिए 50 से अधिक दावेदारों के नाम सामने होने के कारण नेतृत्व किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सका है। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का फिर से विधान परिषद जाना तय माना जा रहा है। प्रत्याशियों की घोषणा 14 जनवरी के बाद होने के संकेत हैं।

Image


मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार शाम प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित पार्टी की कोर टीम के सदस्यों ने तीन घंटे से ऊपर विचार-विमर्श करके नामों की छंटनी की। लेकिन दावेदारों की सूची काफी बड़ी होने के कारण इसे अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। जहां तक वीआरएस लेने वाले गुजरात काडर के आईएएस अधिकारी अरविंद शर्मा को परिषद भेजे जाने की चर्चाओं का सवाल है तो बैठक में उनके नाम पर भी कोई गंभीर चर्चा होने की जानकारी नहीं है।

2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से बढ़ गया है महत्व

चुनावी वर्ष 2022 से ठीक पहले का वर्ष होने के नाते इस साल इन चुनौतियों का राजनीतिक तौर पर न सिर्फ अलग महत्व हो गया है बल्कि भाजपा के राजनीतिक व रणनीतिक कौशल के अलग तरीके से इम्तिहान की भी घड़ी आ गई है। दरअसल, विधान परिषद की जिन 12 सीटों का चुनाव इस महीने होने जा रहा है उसमें विधायकों के संख्या बल को देखते हुए भाजपा के हिस्से में कम से कम 10 सीटें आने की संभावना दिख रही है। इसके विपरीत सपा के खाते में काफी कोशिशों और दूसरे दलों से सहयोग लेने के बावजूद ज्यादा से ज्यादा दो सीटें ही जाने के समीकरण दिखाई दे रहे हैं जबकि उसके 6 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सदन में इस समय सपा के 55 सदस्य हैं।


comments